Site icon Dainik Savera Times

इंसानियत शर्मसार: सड़क पर पड़े शख्स की मदद की जगह युवकों ने लूटा मोबाइल, इलाज न मिलने से मौत

Delhi Youths steal mobile phone man lying on street

Delhi Youths steal mobile phone man lying on street

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां सड़क पर गिरे एक बीमार व्यक्ति की मदद करने के बजाय कुछ युवक उसका सामान लूटकर फरार हो गए। समय पर इलाज न मिलने के कारण उस व्यक्ति की जान चली गई।

विकास नगर इलाके की घटना 

यह घटना दिल्ली के रनहोला थाना क्षेत्र के विकास नगर इलाके की है। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब चार बजे के बाद एक व्यक्ति अचानक सड़क पर गिर पड़ा और तड़पने लगा। वह काफी देर तक सड़क पर ही पड़ा रहा, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की।

मदद की जगह युवकों ने लूटा मोबाइल 

इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। उन्होंने उस व्यक्ति की हालत देखने के बजाय मौके का फायदा उठाया और उसका मोबाइल फोन चुरा लिया। इसके बाद वे वहां से चले गए। कुछ समय बाद वही दोनों युवक दोबारा मौके पर लौटे। इस बार उन्होंने व्यक्ति की जेबें टटोलकर यह देखने की कोशिश की कि कहीं और कीमती सामान तो नहीं है। जब उन्हें कुछ नहीं मिला, तो उनकी नजर वहां लगे सीसीटीवी कैमरों पर पड़ी। कैमरों को देखकर वे डर गए और तुरंत वहां से भाग निकले।

बिना किसी मदद के तड़पता रहा व्यक्ति 

इस पूरी घटना के दौरान सड़क पर पड़ा व्यक्ति बिना किसी मदद के तड़पता रहा। समय पर उसे अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका, जिससे उसकी हालत और बिगड़ती चली गई। आखिरकार इलाज न मिलने के कारण उसकी मौत हो गई।

शव की शिनाख्त की जा रही 

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उसकी शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। साथ ही, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मोबाइल चोरी करने वाले युवकों की तलाश की जा रही है और उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। यह घटना समाज में गिरती संवेदनशीलता और मानवता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Exit mobile version