Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

भ्रष्टाचार पर पहला कॉपीराइट द्रमुक का, पूरा परिवार Tamil Nadu को लूट रहा : PM Modi

April 10, 2024

भ्रष्टाचार पर पहला कॉपीराइट द्रमुक का, पूरा परिवार Tamil Nadu को लूट रहा : PM Modi

वेल्लोरः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) पर निशाना साधते हुए मंगलवार को कहा कि भ्रष्टाचार पर पहला कॉपीराइट द्रमुक का है और मुख्यमंत्री एम के स्टालिन का पूरा परिवार तमिलनाडु को लूट रहा है। पीएम मोदी ने तमिलनाडु के वेल्लोर में एक रैली के दौरान आरोप लगाया कि द्रमुक एक पारिवारिक कंपनी है, जो अपनी पुरानी मानसिकता से राज्य के युवाओं के विकास में बाधा डाल रही है। उन्होंने कहा कि द्रमुक लोगों को भाषा, क्षेत्र, आस्था के आधार पर बांटती है और उसे पता है कि जिस दिन लोग इस बात को समझ जाएंगे, उसे एक भी वोट नहीं मिलेगा।

पीएम मोदी ने कहा, कि ‘मैंने द्रमुक की दशकों पुरानी खतरनाक राजनीति को उजागर करने का फैसला किया है।’’ उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर पहला कॉपीराइट द्रमुक का है और पूरा परिवार तमिलनाडु को लूट रहा है। उन्होंने कच्चातीवु मामले का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस और द्रमुक ने प्रभावित मछुआरों के प्रति ‘‘फर्जी करुणा’’ दिखाई और इस मुद्दे पर तमिलनाडु को अंधेरे में रखा। पीएम मोदी ने कहा कि ‘इंडी’ गठबंधन (विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’) के लोग ‘शक्ति’ का अपमान करते हैं और महिलाओं से र्दुव्‍यवहार करते हैं। उन्होंने कहा कि हर कोई जानता है कि द्रमुक ने दिवंगत जयललिता के साथ कैसा व्यवहार किया था।

प्रधानमंत्री ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को तमिलनाडु में जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘राजग ने पिछले 10 साल में विकसित भारत की नींव तैयार की है’’ पीएम मोदी ने कहा कि तमिलनाडु ने देश के अंतरिक्ष और विनिर्माण क्षेत्रों को आगे बढ़ाने में महान योगदान दिया है। उन्होंने तमिलनाडु के लोगों से कहा कि भाजपा और राजग को ‘‘आपका आशीर्वाद मिलने से ‘सनातन शक्ति’ की रक्षा होगी और महिलाओं का सम्मान सुनिश्चित’’ होगा। तमिलनाडु में लोकसभा चुनाव के लिए 19 अप्रैल को मतदान होगा। मोदी ने मंगलवार को चेन्नई में रोड शो किया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें