Site icon Dainik Savera Times

बीच सड़क पर धू-धूकर जली DTC की इलेक्ट्रिक बस, यात्रियों में मची चीख-पुकार, देखें VIDEO

DTC electric bus Fire

DTC electric bus Fire

DTC BUS FIRE NEWS : गर्मी का मौसम शुरू होते ही दिल्ली में आग लगने की घटनाएं सामने आने लगी हैं। जहां, गुरुवार को दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की एक इलेक्ट्रिक बस में अचानक आग लग गई। बस से पहले धुआं निकलता दिखाई दिया और कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

महरौली-बदरपुर रोड पर हुई घटना
यह घटना दक्षिण दिल्ली के महरौली-बदरपुर रोड पर हुई। जानकारी के अनुसार यह बस रूट नंबर 544 पर चल रही थी। यह बस आरके पुरम से बदरपुर बॉर्डर तक यात्रियों को लेकर जाती है। जब बस अपने रास्ते पर चल रही थी, तभी उसमें अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते धुआं आग में बदल गया और बस में लपटें उठने लगीं।

 

आसमान में छा गया काले धुएं का गुबार
बस में आग लगने के बाद आग तेजी से फैल गई और पूरी बस उसकी चपेट में आ गई। आग इतनी तेज थी कि दूर से ही काले धुएं का गुबार आसमान में उठता दिखाई दे रहा था। आसपास मौजूद लोगों में भी डर और घबराहट का माहौल बन गया।

 

दमकल विभाग को दोपहर में मिली सूचना
दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें इस आग की सूचना दोपहर 12 बजकर 57 मिनट पर मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

 

समय रहते सभी यात्रियों को उतारा गया
सबसे राहत की बात यह रही कि बस में मौजूद सभी यात्रियों को समय रहते नीचे उतार लिया गया था। इसी वजह से इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा होने से बच गया।

 

जांच जारी
फिलहाल आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है। अब अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि बस में आग आखिर कैसे लगी। मामले की जांच जारी है।

 

Exit mobile version