Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार गिराने की हो रही है कोशिश: सौरभ भारद्वाज

March 28, 2024

दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार गिराने की हो रही है कोशिश: सौरभ भारद्वाज

नयी दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता एवं कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने गुरुवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली और पंजाब में पार्टी को तोड़ने के लिए और सरकार को गिराने के लिए अलग-अलग हथकंडे अपना रही है।

भारद्वाज ने आज यहां कहा,“ जब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को लगभग 30 अक्टूबर 2023 को प्रवर्तन निदेशालय ( ईडी) की ओर से पहला समन प्राप्त हुआ, उसी दिन से वह लगातार इस बात को कह रहे थे कि इनका मकसद तथाकथित शराब घोटाला नहीं है, बल्कि इनका मकसद है किसी भी प्रकार से झूठे केस में श्री केजरीवाल को फंसाना है। उसके बाद दिल्ली और पंजाब के विधायकों को तोड़कर भाजपा में शामिल किया जाए और ‘आप ’की सरकार गिराई जाए। भाजपा यह बात बहुत अच्छी तरह से समझती है, कि चुनाव लड़कर दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी को हराया नहीं जा सकता।”

उन्होंने कहा,“ हमारे पंजाब के बहुत सारे विधायकों को संपर्क किया गया है और उन्हें पैसों का, पद का, वाई प्लस सुरक्षा का और लोकसभा चुनाव लड़ाने का लालच देकर आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का ऑफर दिया जा रहा है। यह बात समझ के बिल्कुल परे है, कि जब पंजाब में भाजपा का कोई आधार ही नहीं है और पंजाब के लोग भाजपा से इतनी नफरत करते हैं, तो आखिर क्यों वह पंजाब में ‘आप’ के विधायक और सांसदों को तोड़ रही है।”

‘आप’ नेता ने कहा,“ कल पंजाब के हमारे तीन विधायकों ने संवाददाता सम्मेलन करके बताया कि बड़ी संख्या में पार्टी के विधायकों को फोन आए और फोन पर उन लोगों को अपनी छोड़कर भाजपा में शामिल होने के लिए लालच दिया गया।

भारद्वाज ने कहा,“ उन्हें लगता है कि जो बात श्री केजरीवाल लगातार कह रहे थे वह बात आज सच होती नजर आ रही है, कि यह सारा षडयंत्र केवल और केवल दिल्ली और पंजाब में ‘आप’ को तोड़ने के लिए और दिल्ली सरकार को गिराने के लिए किया जा रहा है।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें