Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

छत्तीसगढ़ में चार प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों का होगा विकास, 11 हजार करोड़ रुपये की मिली मंजूरी

September 30, 2024

छत्तीसगढ़ में चार प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों का होगा विकास, 11 हजार करोड़ रुपये की मिली मंजूरी

नयी दिल्ली: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को छत्तीसगढ़ में चार प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास के लिए 11 हजार करोड़ रुपये की मंजूरी दी जिससे राज्य की कनेक्टिविटी और सुदृढ़ होगी।

गडकरी ने यह घोषणा आज यहां भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ समीक्षा बैठक के दौरान की। बैठक में छत्तीसगढ़ में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गयी। बैठक में केन्द्रीय सड़क परिवहन राज्यमंत्री अजय टाम्टा और हर्ष मल्होत्रा तथा छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव भी मौजूद रहे।

बैठक में गडकरी ने छत्तीसगढ़ में चल रही परियोजनाओं की प्रगति पर समीक्षा की ताकि कार्यों का समय पर और कुशलता से निष्पादन हो सके। समीक्षा बैठक में सभी लंबित मुद्दों पर चर्चा कर अवरोधों को दूर करने का प्रयास किया गया। केन्द्रीय मंत्री ने समस्त प्रगतिरत एवं प्रस्तावित परियोजनाओं को समय सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिए।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों की प्रगति पर चर्चा की गयी। इसके साथ ही चार प्रमुख राजमार्गों के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट बनाने की मंजूरी दी गयी। बैठक में जिन चार मुख्य परियोजनाओं पर चर्चा हुई, उनमें उरगा-कटघोरा बाईपास , बसना से सारंगढ़ (माणिकपुर) फीडर रूट, सारंगढ़ से रायगढ़ फीडर रूट, और रायपुर-लखनादोन आर्थिक गलियारा शामिल हैं। इन परियोजनाओं की कुल लंबाई 236.1 किलोमीटर है। केन्द्रीय मंत्री ने इन परियोजनाओं के लिए कुल 9208 करोड़ स्वीकृत किये हैँ। इसके अलावा केशकाल घाट और धमतरी-जगदलपुर मार्ग के चार लेन चौड़ीकरण कार्य की भी मंजूरी दी गयी।

एनएचएआई के अंतर्गत रायपुर-विशाखापट्टनम मार्ग एवं बिलासपुर-उरगा-पत्थलगांव मार्ग को समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं, पत्थलगांव से कुनकुरी-झारखंड बॉर्डर मार्ग को एक माह के अन्दर एजेंसी निर्धारित करने के लिए निर्देश दिये गये। वहीं रायपुर शहर टाटीबंध से तेलीबांधा के बीच ग्रेड सेपरेटर तथा विधानसभा रोड से बिलासपुर रोड (धनेली) को जोड़ने वाले मार्ग एवं रायपुर एक्सप्रेस-वे पर ग्रेड सेपरेटर बनाने की सहमति दी गयी। इसके अलावा सड़कों के विकास के लिए 1200 करोड़ की अतिरिक्त राशि की स्वीकृति मिली है।

साय ने केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “यह छत्तीसगढ़ के विकास के लिए एक बड़ी सौगात है। छत्तीसगढ़ की औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों को नयी दिशा मिलेगी।” उन्होंने यह भी कहा कि सड़क नेटवर्क के विस्तार से राज्य के ग्रामीण इलाकों की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी, जिससे स्थानीय लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आयेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं इन परियोजनाओं की प्रगति पर नजर रखेंगे और हर सप्ताह इसकी रिपोर्ट तलब करेंगे, ताकि काम में कोई देरी न हो। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार पूरी निष्ठा से इन परियोजनाओं को समय सीमा के भीतर पूरा करेगी, जिससे राज्य के नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल सकेंगी और विकास की गति तेज होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें