Site icon Dainik Savera Times

दिल्ली हवाई अड्डे पर क्रीम के डिब्बों और बाम की शीशियों में छिपाकर रखा गया सोना जब्त

नयी दिल्ली: इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने नीविया क्रीम के डिब्बों और टाइगर बाम की शीशियों में छिपाकर रखा गया 23.76 लाख रुपये मूल्य का सोना जब्त किया है। शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी।

बयान में कहा गया कि 21 जनवरी को रियाद (सऊदी अरब) से आए एक भारतीय व्यक्ति को रोका गया।

सीमा शुल्क विभाग द्वारा जारी बयान में कहा गया है, ‘‘सामान की जांच और यात्री की व्यक्तिगत तलाशी के दौरान रेनियम चढ़ी सोने की 18 छड़े बरामद हुईं, जिसका कुल वजन 318 ग्राम था। उन्हें नीविया क्रीम के चार डिब्बों और टाइगर बाम की 10 शिशियों में छिपाया गया था और इसकी कुल कीमत 23,76,471 रुपये है।’’ उन्होंने कहा कि रेनियम चढ़ी सोने की छोटी छड़ों को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

सीमा शुल्क के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘रेनियम एक भूरे रंग का तत्व है, जिसका उपयोग तस्करी करने के मकसद से सोना छिपाने के लिए किया जाता है।’’

ये भी पढ़ें :- IPL 2026: केकेआर ने जीता टॉस, बल्लेबाजी करने का लिया फैसला

Exit mobile version