Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

राजधानी दिल्ली को मेडिकल हब बनाना सरकार का लक्ष्य : CM रेखा गुप्ता

July 14, 2025

राजधानी दिल्ली को मेडिकल हब बनाना सरकार का लक्ष्य : CM रेखा गुप्ता

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि उनकी सरकार का लक्ष्य है कि दिल्ली, देश का ऐसा मेडिकल हब बने, जहां कोई भी मरीज निराश न लौटे और यहां देश-विदेश से भी लोग इलाज कराने आएं। गुप्ता ने सोमवार को यहां यथार्थ अस्पताल के उद्घाटन के बाद कहा कि यह अस्पताल आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत भी सेवाएं देगा जिससे समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं निःशुल्क मिल सकेंगी। उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली सरकार सिर्फ स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार ही नहीं कर रही, बल्कि उसे सुलभ, पारदर्शी और जन-संवेदनशील भी बना रही है। हमारी सरकार सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के बीच सहयोग को बढ़ावा देकर राजधानी को एक मॉडल हेल्थकेयर सिस्टम की ओर ले जा रही है।

हमारा लक्ष्य है कि दिल्लीवासियों को तो बेहतर चिकित्सा सुविधा मिले, साथ ही देश की राजधानी को हम ऐसे मेडिकल हब में बदलें, जहां देश-विदेश से लोग इलाज कराने आएं और उन्हें दिल्ली के अस्पताल, डॉक्टरों और स्वास्थ्य प्रणाली पर पूर्ण विश्वास हो। ’’मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार सात अधूरी अस्पताल परियोजनाओं को सुपरस्पेशलिटी केंद्रों में बदल रही है, जहां विभिन्न गंभीर बीमारियों के लिए विशेष इलाज की सुविधा होगी। हर अस्पताल को अलग बीमारी के इलाज के लिए समर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही आईसीयू बेड्स की कमी को भी दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकारों के भ्रष्टाचार व विजन की कमी के चलते दिल्ली का स्वास्थ्य ढांचा अभी भी अनेक गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है।

उन्होंने कोविड काल को याद करते हुए बताया कि उस समय अस्पतालों में बिस्तरों की भारी कमी थी और कई लोगों को इलाज न मिलने के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था जजर्र स्थिति में थी। डॉक्टरों, मेडिकल स्टाफ, दवाओं और आधुनिक उपकरणों की भारी कमी थी। अब इस कमी को दूर करने और अस्पतालों को अति आधुनिक बनाने के गंभीर प्रयास चल रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें