Site icon Dainik Savera Times

CM आतिशी ने गोविंदपुरी की घटना में मारे गए व्यक्ति के परिजन से की मुलाकात 

Govindpuri Incident : दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने गोविंदपुरी में एक साझा शौचालय में पानी न डालने पर हुई हिंसक झड़प में मारे गए व्यक्ति के परिजन से मुलाकात की।
आतिशी ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनके प्रति संवेदना व्यक्त की और शहर में सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में ‘विफल रहने के लिए’ केंद्र सरकार की आलोचना की।
आतिशी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित केंद्र सरकार के पास दिल्ली में सिर्फ कानून-व्यवस्था को संभालते हुए दिल्ली वालों को सुरक्षा देने का एकमात्र काम है लेकिन वे इसमें पूरी तरह नाकाम रही है, कानून-व्यवस्था को पूरी तरह खत्म कर दिया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली में गोलीबारी, हत्याएं, फिरौती रोजमर्रा की बात हो गई है। अपराधियों में पुलिस का कोई डर नहीं है। लोग न तो घर के बाहर, न ही घर के अंदर सुरक्षित है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मेरी भाजपा शासित केंद्र सरकार से अपील है कि वह कानून- व्यवस्था को संभाले, वरना सभी दिल्ली वाले उसे सबक सिखाएंगे।’’
पुलिस ने बताया कि दक्षिणी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में एक साझा शौचालय में पानी नहीं डालने को लेकर पड़ोसियों से हुए झगड़े में कबाड़ का काम करने वाले 18 वर्षीय सुधीर की चाकू गोद कर हत्या कर दी गयी।
Exit mobile version