नोएडा: शहर में कैफे और रेस्टोरेंट की आड़ में अवैध रूप से शराब परोसने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आबकारी विभाग और पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने नोएडा के सेक्टर-118 स्थित एक कैफे पर छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित बार का भंडाफोड़ किया है।
जांच के दौरान सामने आया कि कैफे में बिना आवश्यक आबकारी लाइसेंस के ग्राहकों को शराब परोसी जा रही थी। संयुक्त टीम ने मौके से कैफे के बार मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि कैफे संचालक टीम को देखकर मौके से फरार हो गया। कार्रवाई सेक्टर-118 स्थित पफ एंड स्पाइस कैफे में की गई।
आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि कैफे की आड़ में अवैध रूप से बार संचालित किया जा रहा है और यहां आने वाले ग्राहकों को बिना वैध अनुमति के शराब उपलब्ध कराई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कैफे पर छापा मारा।
टीम के अचानक पहुंचने से कैफे में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। छापेमारी के दौरान टीम ने कैफे में शराब परोसे जाने से संबंधित गतिविधियों की जांच की। इस दौरान पता चला कि प्रतिष्ठान में एफएल-11 इवेंट बार लाइसेंस के बिना ही ग्राहकों को शराब उपलब्ध कराई जा रही थी। आबकारी नियमों के तहत किसी आयोजन या निर्धारित व्यवस्था के अंतर्गत शराब परोसने के लिए आवश्यक लाइसेंस और अनुमति लेना अनिवार्य होता है। इसके बावजूद कैफे में बिना लाइसेंस शराब परोसे जाने का मामला सामने आया। संयुक्त टीम ने मौके से बार मैनेजर चंद्र मोहन को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, कैफे संचालक अंकुर सक्सेना छापेमारी के दौरान मौके से फरार हो गया। टीम ने कैफे की तलाशी लेते हुए 16 कैन बीयर और ब्लैक एंड व्हाइट ब्रांड की दो खाली बोतलें बरामद कीं। इसके अलावा मौके से कुल 8 बल्क लीटर शराब भी बरामद की गई। बरामद शराब को कब्जे में लेकर आबकारी विभाग ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

