Dainik Savera Times

लॉरेंस बिश्नोई गैंग की लेडी डॉन गिरफ्तार, जानें बॉबी कबूतर की गर्लफ्रेंड ‘मैडम जहर’ कौन है

Lady don Madam Zahar-44

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग में ड्रग्स सिंडिकेट के आरोपों से जुड़ी लेडी डॉन खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा को गिरफ्तार कर लिया है। नेहा लॉरेंस बिश्नोई गैंग में गनमैन कहे जाने वाले बॉबी कबूतर की गर्लफ्रेंड है। बताया जा रहा है कि बॉबी कबूतर लॉरेंश बिश्नोई गैंग को हथियारों की खेप मुहैया करवाता है। खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय थी। पुलिस के अनुसार वह लॉरेंस बिश्नोई और हाशिम बाबा गैंग की अहम सदस्य थी। गैंग में उसकी भूमिका सिर्फ छोटी-मोटी मदद तक सीमित नहीं थी, बल्कि वह ड्रग्स और हथियारों के नेटवर्क को संभालने में शामिल थी। उसकी गिरफ्तारी से यह भी सामने आया है कि गैंग में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

ब्यूटी पार्लर की आड़ में चल रहा था अवैध धंधा
पुलिस जांच में सामने आया कि नेहा नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली में एक ब्यूटी पार्लर चलाती थी। बाहर से देखने पर यह एक सामान्य पार्लर था, लेकिन पुलिस का कहना है कि इसके पीछे अवैध काम किए जा रहे थे। आरोप है कि पार्लर के जरिए गैंग के सदस्यों से संपर्क बनाए रखे जाते थे। ड्रग्स की सप्लाई का नेटवर्क यहीं से संचालित होता था। अवैध हथियारों की डीलिंग में भी उसकी भूमिका थी। फरार अपराधियों को छिपने के लिए सुरक्षित जगह उपलब्ध कराई जाती थी। इस तरह वह गैंग के लिए एक “कम्युनिकेशन लिंक” की तरह काम कर रही थी।

बॉबी कबूतर कौन है?
नेहा का सबसे करीबी संबंध गैंगस्टर महफूज उर्फ बॉबी कबूतर से था। पुलिस के अनुसार बॉबी कबूतर लॉरेंस गैंग का मुख्य गन सप्लायर था। वह पिछले 7 साल से फरार चल रहा था। नेहा और बॉबी लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। फरारी के दौरान नेहा ही बॉबी को छिपाने और बचाने में मदद करती थी। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने टेक्निकल सर्विलांस और गुप्त सूचना के आधार पर महिपालपुर फ्लाईओवर के पास घेराबंदी की और बॉबी कबूतर, नेहा और उनके दो साथियों को ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया।

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में कनेक्शन
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या से पहले बॉबी कबूतर ने पंजाब जाकर रेकी की थी। आरोप है कि उसने मूसेवाला की दिनचर्या और रूट की जानकारी जुटाई। यह जानकारी हमलावरों तक पहुंचाई गई। हमले में इस्तेमाल हथियारों की सप्लाई भी उसके नेटवर्क से जुड़ी हो सकती है।

दिशा पाटनी के घर फायरिंग मामला
उत्तर प्रदेश के बरेली में फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में भी बॉबी कबूतर का नाम सामने आया है। पुलिस के मुताबिक शूटर्स को विदेशी हथियार उपलब्ध कराए गए थे। इन हथियारों की सप्लाई बॉबी के जरिए हुई थी। इस मामले में भी जांच एजेंसियां नेहा और बॉबी के नेटवर्क की भूमिका की जांच कर रही हैं।

अन्य बड़े अपराधों में भी शक
जांच में यह भी पता चला है कि दिल्ली के नादिर शाह हत्याकांड में इस्तेमाल हथियारों का कनेक्शन इस गैंग से हो सकता है। सीलमपुर डबल मर्डर केस में भी सप्लाई चेन की जांच की जा रही है। हालांकि इन मामलों में जांच जारी है और पुलिस सबूत इकट्ठा कर रही है।

विदेशी हथियार तस्कर से संबंध
पुलिस का दावा है कि बॉबी कबूतर का संपर्क एक कुख्यात हथियार तस्कर ‘सलीम पिस्टल’ से था। सलीम नेपाल-भारत बॉर्डर से पकड़ा गया था। बताया जा रहा है कि सलीम के संबंध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े हुए थे। अवैध हथियारों की खेप नेपाल बॉर्डर से लाई जाती थी। इन्हें बॉबी और नेहा के जरिए लॉरेंस गैंग तक पहुंचाया जाता था।

गैंग में महिलाओं की बढ़ती भूमिका
पुलिस के अनुसार, अब गैंगस्टर महिलाओं का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा रहे हैं। महिलाएं ब्यूटी पार्लर, बुटीक या छोटे बिजनेस की आड़ लेती हैं। वे सीधे सामने नहीं आतीं, बल्कि पर्दे के पीछे से ऑपरेशन संभालती हैं। पुलिस की नजरों से बचने के लिए उन्हें ‘मैनेजर’ या संपर्क सूत्र के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। इस मामले ने साफ कर दिया है कि अंडरवर्ल्ड की दुनिया में अब महिलाएं भी बड़ी भूमिका निभा रही हैं।

 

Exit mobile version