Site icon Dainik Savera Times

PM मोदी आज करेंगे ‘मन की बात’, 119वें एपिसोड को करेंगे संबोधित

Mann Ki Baat

Mann Ki Baat

Mann Ki Baat : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ‘मन की बात‘ के 119वें एपिसोड को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर यह जानकारी साझा की। पीएम मोदी ने अपने एक्स अकाउंट पर एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ‘आज सुबह 11 बजे मन की बात के 119वें एपिसोड के लिए ट्यून इन करें।’ मन की बात एक मासिक रेडियो कार्यक्रम है जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर महीने के आखिरी रविवार को देश के नागरिकों को संबोधित करते हैं। इसमें वे देश से जुड़े मुद्दों और विषयों पर बात करते हैं।

पिछली माह तीसरे रविवार को हुआ था प्रसारित-
पिछली बार ‘मन की बात’ का 118वां एपिसोड गणतंत्र दिवस से पहले प्रसारित किया गया था। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि “हर बार ‘मन की बात’ महीने के आखिरी रविवार को होती है, लेकिन इस बार हम चौथे रविवार के बजाय तीसरे रविवार को एक सप्ताह पहले मिल रहे हैं, क्योंकि अगले रविवार को ‘गणतंत्र दिवस’ है।”

3 अक्टूबर 2014 को हुआ था शुरू-
मन की बात कार्यक्रम 3 अक्टूबर 2014 को शुरू हुआ था और तब से यह आम जनता के बीच काफी लोकप्रिय हो गया है। इसके जरिए प्रधानमंत्री मोदी सामाजिक जागरूकता, शिक्षा, स्वच्छता, खेल, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उपलब्धियां, सरकार की विकास योजनाएं और भारत की वैश्विक स्थिति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करते हैं। इसमें न केवल प्रमुख राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की जाती है, बल्कि स्थानीय और सामाजिक परिवर्तन के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया जाता है।

महत्वपूर्ण विषयों पर विचार व्यक्त-
पहले एपिसोड से लेकर अब तक प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात में कई बार ऐसे मुद्दे उठाए हैं जो सीधे आम भारतीय के जीवन से जुड़े हैं। उन्होंने डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत मिशन, आत्मनिर्भर भारत, महिला सशक्तिकरण और हरित ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए हैं।

लोगों के बीच एकता और सहयोग की भावना पर जोर-
एक और बात जो इसे विशेष बनाती है, वह है छोटे शहरों या ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोक कलाकारों या सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत। प्रधानमंत्री उनके बारे में बात करते हैं और फिर रेडियो के माध्यम से उनकी आवाज पूरे भारत में प्रसारित करते हैं। वे राष्ट्र की समृद्धि और विकास के लिए लोगों के बीच एकता और सहयोग की भावना पर भी जोर देते हैं।

Exit mobile version