Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

केंद्रीय मंत्री Shivraj Singh Chouhan से दिल्ली में असम और राजस्थान के मंत्रियों ने की भेंट

July 21, 2025

केंद्रीय मंत्री Shivraj Singh Chouhan से दिल्ली में असम और राजस्थान के मंत्रियों ने की भेंट

नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से आज कृषि भवन, नई दिल्ली में असम के कृषि, बागवानी, पशुपालन, पशु चिकित्सा मंत्री अतुल बोरा एवं राजस्थान के कृषि, बागवानी एवं ग्रामीण विकास मंत्री डा. किरोड़ीलाल मीणा ने मुलाकात की। इन दोनों मंत्रियों के साथ बैठक में, दोनों राज्यों में कृषि एवं ग्रामीण विकास के संबंध में चर्चा हुई। शिवराज सिंह ने कहा कि असम व राजस्थान सहित सभी राज्यों के किसानों, ग्रामीणों के समग्र विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है, जहां कहीं भी किसानों को कोई समस्या आती है तो हम सदैव उनके साथ है।

असम के मंत्री बोरा के साथ बैठक के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने उनसे वहां हाल ही में कुछ जिलों में आई बाढ़ से प्रभावित किसानों के बारे में पूछा और कहा कि मैं जल्द ही असम के इन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आऊंगा, ताकि वहां के किसानों की पीड़ा को सुन-देख सकूं। शिवराज सिंह ने कहा कि असम के कुछ जिलों में बाढ़ आईं, वहीं कुछ अन्य जिलों में सूखे की स्थिति का सामना भी हाल ही में किसानों ने किया है, मैं इन दोनों समस्याग्रस्त इलाकों का दौरा करूंगा और किसानों से मिलकर उन्हें राहत देने की हरसंभव कोशिश राज्य सरकार के साथ ही केंद्र सरकार की तरफ से भी की जाएगी। ऐसी किसी प्राकृतिक आपदा में हम राज्य के किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं, उनका दुःख-दर्द हम भली-भांति समझ सकते हैं, जिन्हें राहत देने के उपाय किए जाएंगे।

असम के मंत्री की ओर से समस्या बताई गई कि वहां कुछ उपजों की वैरायटी अधिसूचित नहीं है, जिस पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने राज्य के किसानों के हित में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) को निर्देशित किया कि वो असम के हिसाब से उपयुक्त राजमा, मसूर, अरहर, सूर्यमुखी, चारा-मक्का, लहसुन, प्याज की वैरायटी को अधिसूचित करें। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में आवेदक किसानों को लाभ देने को लेकर शिवराज सिंह ने डिजिटल फार्मर रजिस्ट्री की अनिवार्यता से छूट देकर राहत देने के निर्देश दिए। शिवराज सिंह ने असम के अनुरोध पर पूर्वोत्तर जैविक कृषि मूल्य श्रंखला विकास मिशन की अवधि असम के लिए और एक साल बढ़ाने के निर्देश भी दिए, साथ ही अन्य विषयों के लेकर शिवराज सिंह ने अपने मंत्रालय के अधिकारियों को परीक्षण करवाने के लिए दिशा-निर्देश दिए। बैठक में केंद्रीय कृषि सचिव देवेश चतुर्वेदी सहित मंत्रालय व असम के कृषि विभाग के आला अधिकारी मौजूद थे।

राजस्थान के मंत्री मीणा ने बैठक में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह को राजस्थान में की गई नकली बीज-खाद संबंधी कार्रवाई की रिपोर्ट दी, साथ ही उनसे कृषि एवं ग्रामीण विकास को लेकर अन्य विषयों पर भी चर्चा की। इस दौरान शिवराज सिंह ने कहा कि नकली बीज-खाद एवं पेस्टीसाइड को लेकर वे अत्यंत गंभीर है और इस संबंध में सख्त से सख्त कार्रवाई के लिए तत्संबंधी कानून को कड़ा बनाया जाएगा, जिसकी प्रक्रिया भी प्रारंभ की जा चुकी है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि इस बारे में उन्होंने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को पत्र भी भेजकर कार्रवाई करने को कहा है, केंद्र सरकार किसानों के साथ धोखा नहीं होने देगी, गड़बड़ियां करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें