Site icon Dainik Savera Times

नोएडा : मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार, 20 मोबाइल और दो बाइक बरामद

नोएडा। नोएडा की थाना फेज-3 पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 20 एंड्रॉइड मोबाइल फोन, चार चाकू और दो चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की। यह कार्रवाई गुरुवार को ममूरा एम-ब्लॉक सर्वसि रोड के पास चेकिंग के दौरान की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आकाश, प्रशांत उर्फ जोबलिन, वंश और अजय उर्फ सिनचौन के रूप में हुई है।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी नोएडा और एनसीआर क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी करने के बाद सस्ते दामों पर बेचते थे। इनके पास से पुलिस को विभिन्न कंपनियों के 20 एंड्रॉइड मोबाइल, 4 चाकू और चोरी की दो मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, आकाश कासगंज जिले के सौरो थाना क्षेत्र का मूल निवासी है। फिलहाल, वह सेक्टर-66 के ममूरा में रहता है। प्रशांत उर्फ जोबलिन शाहजहांपुर जिले का रहने वाला है और अभी सेक्टर-53 स्थित गिझौड़ गांव में रहता है।

वहीं, वंश बिजनौर जिले के तहसील नगीना का मूल निवासी है, जो वर्तमान में सेक्टर-5 स्थित हरौला में रहता है। इसके अलावा, अजय उर्फ सिनचौन सेक्टर-67 की झुग्गी-झोपड़ी का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में भीड़भाड़ वाले स्थानों से मोबाइल चोरी करते थे और फिर उन्हें सस्ते दामों में बेचकर मुनाफा कमाते थे।

चारों आरोपियों पर पहले से कई संगीन मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, लूट, अवैध हथियार रखने, एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की गंभीर धाराएं शामिल हैं। अकेले आकाश के खिलाफ 12 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि अन्य तीनों अभियुक्तों के खिलाफ भी 5 से 8 मामले पहले से लंबित हैं। पुलिस ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और इसके सदस्य बार-बार जेल जाने के बावजूद फिर से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हो जाते थे।

Exit mobile version