Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल

September 7, 2026

सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी के सत्य निकेतन इलाके में बहुमंजिला इमारत गिरने का मामला दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचा है। घटना को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका (PIL) दाखिल की गई है। दिल्ली हाईकोर्ट में दायर याचिका में तत्काल सुनवाई की मांग की गई है। वहीं, हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की डिवीजन बेंच इस मामले की सुनवाई करने के लिए सहमत हो गई है।

हाईकोर्ट ने भरोसा दिलाया है कि आज इस पर सुनवाई होगी। बता दें कि सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत गिरने के कारण 6 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली एम्स ने एक बयान में कहा कि घायल हुए 11 मरीजों को जेपीएन एपेक्स ट्रॉमा सेंटर (एम्स) लाया गया।

इन 11 मरीजों में से 5 को मृत अवस्था में लाया गया था, जबकि गंभीर हालत वाले एक मरीज की बाद में चोटों के कारण मौत हो गई। तीन मरीजों को भर्ती किया गया है और उनका इलाज चल रहा है। एक मरीज को मामूली चोट आई थी और निगरानी के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। वहीं, सफदरजंग अस्पताल की पीआरओ ने बताया है कि सोमवार सुबह एक और घायल को लाया गया है, जिसकी स्थिति अभी ठीक है। अब तक सफदरजंग अस्पताल में कुल दो घायलों को लाया गया है। उधर, सोमवार सुबह दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और स्थानीय विधायक के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इमारत के मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और लापरवाही या चूक के दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जानकारी दी कि यह बहुत पुरानी इमारत थी। बेसमेंट में पानी भरने से इसके पिलर कमजोर हो गए, जिससे पूरी इमारत गिर गई। उन्होंने यह भी बताया कि बगल की इमारत को भी पूरी तरह खाली कराया गया है और एहतियात के तौर पर उसे गिरा दिया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें