नई दिल्लीः दिल्ली के वीवीआईपी इलाके से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है। राष्ट्रपति भवन के पास स्थित नॉर्थ ब्लॉक में आग लगने की सूचना से कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया। नॉर्थ ब्लॉक के ऊपर आसमान में काले धुएं का गुबार दिखाई दिया, जिसके बाद आसपास के इलाके में भी लोगों का ध्यान इस ओर गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नॉर्थ ब्लॉक में इन दिनों कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा है। इसी दौरान इमारत की छत पर वेल्डिंग का काम किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि वेल्डिंग के दौरान हल्का सा स्पार्क हुआ, जिसके बाद वहां धुआं उठने लगा। हालांकि, शुरुआती जानकारी के अनुसार स्थिति ज्यादा गंभीर नहीं थी और आग पर तुरंत काबू पा लिया गया।
दमकल की 6 गाड़ियां मौके के लिए रवाना
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विसेज को जानकारी दी गई। इसके बाद दमकल विभाग की 6 गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं। दमकल कर्मियों के मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति का जायजा लिया गया। फिलहाल आग पर काबू पा लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
मिलिंद देवरा ने शेयर की तस्वीर
राज्यसभा सांसद मिलिंद देवरा ने भी नॉर्थ ब्लॉक के पास धुआं उठने की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शेयर की। उन्होंने बताया कि संसद जाते समय उन्होंने नॉर्थ ब्लॉक के पीछे से घना धुआं उठता हुआ देखा। उन्होंने उम्मीद जताई कि वहां मौजूद सभी लोग सुरक्षित होंगे और आपातकालीन सेवाएं तेजी से कार्रवाई कर रही होंगी।
Noticed thick smoke rising from behind North Block while on my way to Parliament. It appears there may be a fire. Hope everyone is safe and emergency services are responding swiftly. https://t.co/mnUqpWfsWl
— Milind Deora | मिलिंद देवरा (@milinddeora) October 26, 2026
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में
नॉर्थ ब्लॉक में धुआं दिखाई देने के बाद शुरुआती तौर पर आग लगने की आशंका जताई गई थी। बाद में सामने आया कि छत पर चल रहे वेल्डिंग के काम के दौरान स्पार्क होने से धुआं उठा था। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की जांच की।

