
नई दिल्लीः पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव स्थित सत्यम एन्क्लेव में रहने वाली दिल्ली विश्वविद्यालय की सहायक प्रोफेसर डॉ. देबोस्मिता पॉल की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे पश्चिम बंगाल में स्थित एक पैतृक जमीन को लेकर चल रहा विवाद मुख्य कारण था।
जमीन बेचने को लेकर था मतभेद
जानकारी के अनुसार, डॉ. देबोस्मिता पॉल अपने नाना की जमीन की कानूनी वारिस थीं। उनके बड़े भाई और बहन उस जमीन को बेचना चाहते थे, लेकिन डॉ. देबोस्मिता जमीन बेचने के पक्ष में नहीं थीं। इसी बात को लेकर परिवार में लंबे समय से मतभेद चल रहा था।
किरायेदार दंपति भी खरीदना चाहता था जमीन
पुलिस के मुताबिक, जिस जमीन पर एक किरायेदार दंपति रह रहा था, वह भी उस जमीन को खरीदना चाहता था। उन्होंने कई बार जमीन खरीदने की इच्छा जताई, लेकिन डॉ. देबोस्मिता ने इसके लिए सहमति नहीं दी। इसके बाद किरायेदार दंपति अपने बच्चे के साथ पश्चिम बंगाल से दिल्ली पहुंचे और डॉ. देबोस्मिता के घर गए। वहां जमीन के मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।
विवाद बढ़ा और कर दी हत्या
जांच में पता चला है कि बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने गुस्से में आकर डॉ. देबोस्मिता पॉल के सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। सूत्रों के अनुसार, घटना के समय आरोपियों का बच्चा घर के बाहर मौजूद था।
सीसीटीवी फुटेज से मिले अहम सुराग
हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी मास्क लगाए हुए दिखाई दिए। फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
शिवाजी कॉलेज में थीं सहायक प्रोफेसर
डॉ. देबोस्मिता पॉल दिल्ली विश्वविद्यालय के शिवाजी कॉलेज में अंग्रेजी विभाग में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थीं। वे शिक्षण क्षेत्र में सक्रिय और जानी-मानी शिक्षिका थीं।
पति से अलग रह रही थीं
पुलिस के अनुसार, डॉ. देबोस्मिता पॉल की शादी वर्ष 2017 में हुई थी। हालांकि, घरेलू विवादों के कारण वर्ष 2022 में उनका अपने पति से अलगाव हो गया था। इसके बाद वे दिल्ली में अकेले रह रही थीं।
पुलिस कर रही आगे की जांच
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है ताकि हत्या से जुड़े हर तथ्य को सामने लाया जा सके।
मेष: दिन शुभ रहेगा...