Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

समृद्ध, मजबूत और विकसित भारत के विज़न की दिशा में काम करे पुलिस: शाह

September 15, 2024

समृद्ध, मजबूत और विकसित भारत के विज़न की दिशा में काम करे पुलिस: शाह

नयी दिल्ली: केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुलिस महानिदेशकों से समृद्ध, मजबूत और विकसित भारत के विज़न की दिशा में काम करने की अपील की है।

शाह ने शनिवार को यहां दो दिन के राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीतिक सम्मेलन-2024 के दूसरे दिन अपने समापन संबोधन में राज्यों के पुलिस महानिदेशकों से प्रधानमंत्री के 2047 तक एक समृद्ध, मजबूत और विकसित भारत के विज़न की दिशा में काम करने की अपील की।

गृह मंत्री ने आतंकवाद-रोधी प्रयासों को बढ़ाने के लिए एक विस्तृत रणनीति का प्रस्ताव रखा, जिसमें अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ सहयोग और आतंक के वित्तपोषण को रोकने के लिए क्षमताएं बढ़ाना शामिल है । उन्होंने आतंकवाद-रोधी ढांचे को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी और राज्य आतंकवाद रोधी दस्तों के बीच सहयोग और समन्वय बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया

वामपंथी उग्रवाद-रोधी प्रयासों में प्राप्त सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए गृह मंत्री ने उन राज्यों को सतर्क रहने के लिए आगाह किया जिन्होंने हाल ही में अपने क्षेत्रों को मुक्त कराने में सफलता हासिल की है।

गृह मंत्री ने रेखांकित किया कि जम्मू-कश्मीर, वामपंथी उग्रवाद और उत्तर-पूर्व जैसी लंबे समय से चली आ रही राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं को हल करने में पर्याप्त प्रगति हासिल की गई है गृह मंत्री ने कहा कि अब नशीले पदार्थों, ड्रोन और ऑनलाइन धोखाधड़ी सहित उभरती राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों की पहचान करना और बड़ी चुनौतियां बनने से पहले उनसे निपटना अनिवार्य हो गया है

तीन नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन के संदर्भ में गृह मंत्री ने राज्यों के पुलिस महानिदेशकों से नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और पीड़ितों के लिए त्वरित और समय पर न्याय सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नए कानूनों का परिवर्तनकारी प्रभाव केवल मानसिकता में बदलाव, प्रौद्योगिकी को अपनाने और निर्बाध समन्वय से ही प्राप्त किया जा सकता है उन्होंने नए कानूनों का अक्षरशः कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस महानिदेशकों को युवा पुलिस अधिकारियों की टीमें गठित करने का निर्देश दिया।

गृह मंत्री ने युवा पुलिस अधिकारियों से क्रिप्टो से लेकर हवाला तक धोखाधड़ी वाले वित्तीय लेनदेन से निपटने के लिए रणनीतिक समाधान के लिए सोच विकसित करने की अपील की।

गृह मंत्री ने सभी पुलिस महानिदेशकों से बहुआयामी दृष्टिकोण, डेटा विश्लेषण और नई तकनीकों को अपनाकर आंतरिक सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने की भी अपील की। उन्होंने पुलिस महानिदेशकों से केन्द्रीय एजेंसियों द्वारा तैयार किए जा रहे डेटाबेस के अत्याधुनिक स्वरूप का उपयोग सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें