Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘AI सक्षम भविष्य-तैयार मुक्त, दूरस्थ एवं डिजिटल शिक्षा (ODDE)’ पर प्री-समिट कार्यक्रम का आयोजन

January 29, 2026

‘AI सक्षम भविष्य-तैयार मुक्त, दूरस्थ एवं डिजिटल शिक्षा (ODDE)’ पर प्री-समिट कार्यक्रम का आयोजन

नई दिल्ली: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) भारत के प्रमुख प्री-समिट कार्यक्रम “AI सक्षम भविष्य-तैयार मुक्त, दूरस्थ एवं डिजिटल शिक्षा (ODDE)” का आयोजन AI इम्पैक्ट समिट 2026 के अनुरूप 29 जनवरी, 2026 को नई दिल्ली में कर रहा है। यह कार्यक्रम समिट की मूल थीम “लोगों, पृथ्वी और प्रगति पर AI का प्रभाव” में प्रत्यक्ष योगदान देता है, जिसमें विशेष रूप से निम्न विषयगत क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, (i) ODDE में AI नवाचार, दक्षता एवं मापनीयता, तथा (ii) AI के माध्यम से शैक्षिक असमानताओं को पाटने हेतु लचीलापन एवं समावेशिता।

इस कार्यक्रम को Google, HP, IBM, OpenAI, Microsoft तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY), भारत सरकार जैसे अग्रणी वैश्विक प्रौद्योगिकी संगठनों का समर्थन प्राप्त है, जो शिक्षा में AI-आधारित नवाचार को आगे बढ़ाने के लिए एक सशक्त प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

यह प्री-समिट कार्यक्रम यह प्रदर्शित करने का प्रयास करता है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता से सशक्त मुक्त, दूरस्थ एवं डिजिटल शिक्षा किस प्रकार समावेशी, न्यायसंगत और सतत शैक्षिक पहुंच सुनिश्चित कर सकती है, विशेष रूप से ग्लोबल साउथ के विविध एवं हाशिए पर स्थित समुदायों के लिए साथ ही भविष्य की सामाजिक एवं तकनीकी चुनौतियों के प्रति शिक्षा प्रणालियों को सक्षम बना सकती है। यह कार्यक्रम AI आधारित समावेशी और अंतरराष्ट्रीय ODDE प्रणालियों के माध्यम से भारत के नेतृत्व को प्रदर्शित करेगा, जो विश्व की सबसे विविध शिक्षार्थी आबादी को सेवा प्रदान करती हैं। इसके साथ-साथ, यह कार्यान्वयन-योग्य नीतिगत एवं परिचालन अंतर्दृष्टियाँ विकसित करने, IGNOU, अन्य ODDE संस्थानों, उद्योग भागीदारों (विशेषकर ग्लोबल साउथ से) तथा AI प्रौद्योगिकी हितधारकों के बीच सार्थक वैश्विक सहयोग को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य रखता है।

विचार-विमर्श के प्रमुख केंद्र बिंदु होंगे:

• संसाधन-सीमित ODDE परिवेशों में AI अपनाने हेतु व्यावहारिक ढाँचों का विकास,
• AI इम्पैक्ट समिट 2026 में प्रस्तुत किए जाने हेतु ठोस नीतिगत सिफारिशों का निर्माण, तथा
• AI-शिक्षा क्षेत्र में भविष्य की अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों के लिए सतत गति का निर्माण।

IGNOU कुलपति ने क्या कहा?

इस अवसर पर IGNOU की कुलपति प्रो. उमा कांजीलाल ने कहा, “IGNOU इस अग्रणी प्री-समिट मंच का आयोजन करते हुए गौरव महसूस करता है, जहाँ अपने विशाल शिक्षार्थी पारिस्थितिकी तंत्र के माध्यम से यह प्रदर्शित किया जाएगा कि AI किस प्रकार ODDE प्रणाली को सशक्त बना सकता है। प्रतिष्ठित उद्योग हितधारकों और सरकारी भागीदारों के साथ AI-शिक्षा मॉडल पर पहले से हो रहे कार्यों के आधार पर यह कार्यक्रम ODDE के लिए प्रभावी सिफारिशें, ढाँचे और साझेदारियाँ प्रस्तुत करेगा। यह आयोजन मानवता की सेवा हेतु भारत को वैश्विक AI नवाचार का अग्रणी बनाने के भारत सरकार के दृष्टिकोण के प्रति IGNOU की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”

इस प्री-समिट कार्यक्रम के माध्यम से IGNOU अपनी विशिष्ट भूमिका को रेखांकित करेगा, एक अखिल भारतीय एवं अंतरराष्ट्रीय शिक्षा प्रदाता के रूप में, जो भारत और विदेशों में स्थित अपने केंद्रों के माध्यम से लगभग 39 लाख शिक्षार्थियों को सेवाएँ प्रदान कर रहा है। एक नीतिगत अग्रदूत के रूप में IGNOU, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 की परिकल्पना को विस्तारणीय ODDE मॉडलों में रूपांतरित कर AI-ODDE संवाद का नेतृत्व करना चाहता है, तथा एक प्रौद्योगिकी लोकतंत्रीकरणकर्ता के रूप में यह प्रदर्शित करता है कि संसाधन-सीमित परिस्थितियों में भी विश्व-स्तरीय AI-सक्षम शिक्षा संभव है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें