Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमेरिकी अरबपति सोरोस और ओसीसीआरपी के साथ देश के खिलाफ साजिश रच रहे हैं राहुलः भाजपा

December 5, 2024

अमेरिकी अरबपति सोरोस और ओसीसीआरपी के साथ देश के खिलाफ साजिश रच रहे हैं राहुलः भाजपा

नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस और न्यूज पोर्टल ओसीसीआरपी के साथ मिलकर देश के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं लोकसभा सांसद डॉ संबित पात्रा ने गुरुवार को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में फ्रांस के अखबार ‘मीडिया पार्ट’ में छपे लेख के हवाले से देते हुए, “ जॉर्ज सोरॉस और राहुल गांधी दो बदन, एक जान हैं। जो भारत विरोधी अजेंडा जॉर्ज सोरॉस का है, वही भारत विरोधी अजेंडा राहुल गांधी का है।”

उन्होंने कहा, “यह गांधी परिवार एक ऐसा परिवार है, जो अपनी कुर्सी के लिए अगर देश को भी बेचना पड़े और देश का भी बलिदान देना पड़े, तो इससे भी गांधी परिवार जरा भी गुरेज नहीं करेगा, यह लोग देश को भी बेच सकते है।”

उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा आज उठाए गए मुद्दा अत्यंत महत्वपूर्ण और गंभीर है। यह केवल किसी पार्टी या व्यक्ति से नहीं, बल्कि देश की संप्रभुता, एकता, और अखंडता से जुड़ा हुआ है। हाल ही में कुछ खुलासे हुए हैं, जिनसे पता चलता है कि देश के भीतर कुछ ऐसी शक्तियां सक्रिय हैं, जो भारत को कमजोर करने, उसकी एकता और संप्रभुता को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही हैं। ये शक्तियां नहीं चाहतीं कि भारत आगे बढ़े और विश्व पटल पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करे।

भाजपा प्रवक्ता ने ‘मीडिया पार्ट’ में छपे लेख का हवाला देते हुए कहा, “भारत के खिलाफ साजिश रचने वाले त्रिकोण की पहली कड़ी अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस और उनकी फाउंडेशन के साथ कुछ अमेरिकी एजेंसियां हैं। दूसरी कड़ी, एक बड़ा न्यूज पोर्टल ओसीसीआरपी (ऑर्गनाइज्ड क्राइम एंड करप्शन रिपोर्टिंग प्रोजेक्ट) है। त्रिकोण की तीसरी और सबसे अहम कड़ी, कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी हैं, जो ‘सर्वोच्च कोटि के देशद्रोही’ हैं।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें