Site icon Dainik Savera Times

सिर्फ योजनाएं बनाना नहीं बल्कि दिल्ली का विकास हमारा लक्ष्य : रेखा गुप्ता

Rekha Gupta

Rekha Gupta

Rekha Gupta : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि विकास का मतलब सिर्फ योजनाएं बनाना नहीं है, बल्कि हर गली, हर कॉलोनी और हर नागरिक के जीवन में सुविधा और समृद्धि लाना भी है। गुप्ता ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर कहा, “आज मैंने शालीमार बाग विधानसभा के कस्तूरबा पॉलिटेक्निक के पीतमपुरा से अंबेडकर नगर के रैन बसेरा तक चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया और कई नई परियोजनाओं का शुभारंभ किया।”

उन्होंने कहा कि आज उन समस्याओं की ओर एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है, जो वर्षों से समाधान की प्रतीक्षा कर रही थीं। क्षेत्र में 17 लाख रुपये और 27 लाख रुपये की लागत से दो नए पंप हाउस का उद्घाटन किया गया, जिससे जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा। इसके साथ ही हैदरपुर गांव में नई नालियों, सीवर और सड़कों का काम तेजी से चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारा संकल्प है कि दिल्ली में विकास का मतलब सिर्फ योजनाएं बनाना नहीं है, बल्कि हर गली, हर कॉलोनी और हर नागरिक के जीवन में सुविधा और समृद्धि लाना भी है। दिल्ली को सुंदर, व्यवस्थित और सुसज्जित बनाना है।” उन्होंने कहा कि आज शालीमार बाग में आत्म योग संस्थान द्वारा आयोजित योग, ध्यान एवं चिकित्सा शिविर में भाग लेकर योग के गहन अनुभव से आध्यात्मिक शांति एवं ऊर्जा का अनुभव किया। योग भारत की अनूठी सांस्कृतिक विरासत है, जो न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मन को स्थिरता और आत्मा को चेतना भी प्रदान करता है।

रेखा गुप्ता ने कहा, “कल (21 जून) अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मैं स्वयं, मेरे मंत्रिमंडल के सहयोगी और दिल्ली के सांसद, आम नागरिकों के साथ मिलकर दिल्ली के 11 प्रतिष्ठित स्थानों पर योग करेंगे। आप सभी से अनुरोध है कि अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ें और एक भारत, स्वस्थ भारत की संकल्पना को सभी के लिए उत्सव बनाएं।”

Exit mobile version