Site icon Dainik Savera Times

राधिका यादव के हत्यारे पिता पर जमकर बरसीं ऋचा चड्ढा, कही ये बड़ी बात

नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री ऋचा चड्ढा ने 25 वर्षीय टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की हत्या पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि ‘अपने ही बच्चे की हत्या करना कोई सम्मान की बात नहीं है।’ गुरुग्राम के सेक्टर 57 स्थित सुशांत लोक इलाके में स्थित अपने दो मंजिला घर में 10 जुलाई को राधिका की उसके पिता दीपक यादव (49) ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। दीपक ने स्वीकार किया है उसने राधिका पर गोली इसलिए चलाई क्योंकि उसे (दीपक को) अक्सर राधिका की कमाई पर निर्भर रहने के लिए ताना मारा जाता था। अभिनेत्री ऋचा चड्ढा ने रविवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक वीडियो साझा किया।

वीडियो में हिमांशिका सिंह राजपूत नजर आ रही थीं जो खुद को राधिका की अच्छी दोस्त बताती हैं। वीडियो में हिमांशिका राधिका के साथ दीपक द्वारा किए गए र्दुव्‍यवहार की बात कहती नजर आ रही हैं। अभिनेत्री ने लिखा, अपने ही बच्चे की हत्या करने में कोई सम्मान नहीं होता। अगर पहले कुछ लोग उसे ताने देते थे, तो अब पूरी दुनिया दीपक यादव को एक पराजित और कायर इंसान के रूप में याद करेगी।

दीपक यादव, आपने इतिहास में अपनी जगह एक पराजित और डरपोक व्यक्ति के रूप में पक्की कर ली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, राधिका को चार गोलियां लगीं, तीन पीठ में और एक कंधे में। पुलिस उसे अस्पताल ले गई जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उसका अंतिम संस्कार वज़ीराबाद स्थित उसके गांव में किया गया।

Exit mobile version