Site icon Dainik Savera Times

सोनिया गांधी सर्वसम्मति से दोबारा चुनी गईं कांग्रेस संसदीय दल की नेता

नयी दिल्ली: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को सर्वसम्मति से कांग्रेस संसदीय दल का नेता चुना गया है।

कांग्रेस संसदीय दल की शनिवार शाम को यहां संसद के केंद्रीय कक्ष में आयोजित नव निर्वाचित सांसदों तथा राज्यसभा सदस्यों की बैठक में श्रीमती गांधी को दोबारा निर्विरोध संसदीय दल का नेता चुना गया है। श्रीमती गांधी लोकसभा में कांग्रेस के नेताओं को नामित करेंगी। पार्टी ने संसदीय दल के नेता का चुनाव करने के लिए आज संसदीय दल की बैठक बुलाई थी।

श्रीमती गांधी ने संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस का इस चुनाव में पुनरुद्धार हुआ है लेकिन उसके सामने चुनौतियां भी उतनी ही बढ़ गई हैं। उनका कहना था कि पार्टी ने लोकतंत्र की रक्षा की है और उसके लिए लड़ते रही है इसलिए अब उसकी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।

उन्होंने कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से पार्टी का नैतिक बल बड़ा है और देश की जनता से सीधा संपर्क हुआ है जिसका बड़ा लाभ उसे इस आम चुनाव में मिला है। उनका कहना था कि पार्टी को खत्म करने का पूरा प्रयास हुआ। यहां तक कि कांग्रेस को आर्थिक रूप से भी कमजोर करने का काम हुआ लेकिन कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने निडर होकर इसका मुकाबला किया तथा खुशी का परिणाम है कि पार्टी आज फिर मजबूती के साथ खड़ी हुई है।

Exit mobile version