Delhi weather: राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार की सुबह धूप खिली और न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 2.8 डिग्री सेल्सियस कम है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिन में आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। यहां सुबह साढ़े आठ बजे आद्र्रता का स्तर 94 प्रतिशत दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने बताया कि मंगलवार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 258 था जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को गंभीर श्रेणी में माना जाता है। दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

