Site icon Dainik Savera Times

तेलंगाना के CM रेवंत रेड्डी ने PM MODI से नई दिल्ली में की मुलाकात

cm reddy

नई दिल्ली: तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने रविवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और राज्य से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। इस मुलाकात के दौरान मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी और वकिति श्रीहरी भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद थे। मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया भी उपस्थित थे।

तेलंगाना कांग्रेस ने एक्स पर पोस्ट के माध्यम से बताया कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘इन्वेस्ट तेलंगाना ग्लोबल समिट’ और ‘खेलो इंडिया गेम्स’ के लिए आमंत्रित किया है। इसके साथ ही रेवंत रेड्डी ने प्रधानमंत्री के साथ ‘इन्वेस्ट तेलंगाना ग्लोबल समिट’ और ‘खेलो इंडिया गेम्स’ पर चर्चा की।

 

वहीं, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री बंदी संजय कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम रेवंत रेड्डी की मुलाकात पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस उदारता का परिचय दिया है, वह नेतृत्व का एक बड़ा सबक है। हैदराबाद में राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा और आरएसएस के खिलाफ चलाए गए तीखे अभियान के एक दिन बाद ही प्रधानमंत्री ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से मुलाकात की। उन्होंने राजनीति से ऊपर उठकर राज्य के विकास को प्राथमिकता दी।”

उन्होंने आगे कहा, “गहरे राजनीतिक मतभेदों के बावजूद पीएम मोदी ने केंद्र-राज्य सहयोग और तेलंगाना के विकास के लिए दरवाजे खुले रखने का महत्व दिखाया। ये हैं मेरे नेता, ये हैं पीएम मोदी। एक ऐसे नेता, जिनका मैं सम्मान करता हूं क्योंकि वे राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता से ऊपर उठकर देश के विकास को प्राथमिकता देते हैं।

रेवंत रेड्डी ने शनिवार को एक्स पर लिखा, “किसी राष्ट्र की प्रगति को इस बात से मापी जानी चाहिए कि वह अपने बच्चों के लिए कितने अवसर पैदा करता है और अपने लोगों को किस स्तर की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराता है। हमारा विजन हैदराबाद को एक ऐसी जगह बनाना है, जहां विश्वस्तरीय शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से मिल सकें ताकि लोगों को इसके लिए कहीं और न जाना पड़े।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “मैंने पीएचएफआई इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक हेल्थ साइंसेज कैंपस की आधारशिला रखी और इसके मास्टर प्लान का अनावरण किया। 2 जून, 2028 तक इसके पूरा होने को सुनिश्चित करने के लिए सरकार पूरा सहयोग देगी। हम सरकारी अस्पतालों में 12,000 करोड़ का निवेश कर रहे हैं और सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए आरोग्यश्री और सीएमआरएफ के माध्यम से हर साल ₹2,500 करोड़ खर्च कर रहे हैं। तेलंगाना अपनी नीतियों में निरंतरता, संस्थागत स्थिरता और निवेशकों के भरोसे को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।”

Exit mobile version