Site icon Dainik Savera Times

पहलगाम में मारे गये लोगों की मौत का चुन चुनकर जवाब दिया जायेगा: शाह

नयी दिल्ली: केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मोदी सरकार की आतंकवाद को कतई बर्दाश्त न करने की नीति को दोहराते हुए कहा है कि पहलगाम आतंकवादी घटना में मारे गये लोगों की मौत के लिए ज़िम्मेदार हर व्यक्ति को चुन-चुनकर जवाब दिया जाएगा।

शाह ने गुरूवार को यहां बोडोफा उपेन्द्रनाथ ब्रह्म को श्रद्धांजलि के रूप में रोड और रोटरी का नामकरण तथा प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

शाह ने कहा कि पूरा जीवन अपनी जाति और क्षेत्र के लिए सम्मान और अधिकार की लड़ाई लड़ने वाले बोडोफा उपेन्द्रनाथ ब्रह्म की आज 35वीं पुण्यतिथि है। उन्हे श्रद्धांजलि देने के लिए आज उनकी आदमकद प्रतिमा और राजधानी दिल्ली के महत्वपूर्ण मार्ग का नाम बोडोफा उपेन्द्रनाथ ब्रह्म मार्ग रखा गया है। उन्होंने कहा कि बोडोफा उपेन्द्रनाथ ब्रह्म की प्रतिमा सिर्फ बोडोलैंड ही नहीं बल्कि अपनी भाषा और धर्म के विकास के लिए संघर्ष करने वाले देश के सभी लोगों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली में बोडोफा की प्रतिमा देशभर के जनजातीय समाज के आत्मसम्मान का प्रतीक है।

गृह मंत्री ने पहलगाम आतंकी हमले की भेंट चढ़ने वाले नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए हमले में जान गँवाने वाले लोगों के परिजनों से कहा कि यह केवल उनकी क्षति नहीं है बल्कि पूरे देश की क्षति है। उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले में मारे गए लोगों के प्राणों की क्षति का जितना दर्द उनके परिजनों के दिल में है उतना ही देश के हर नागरिक के दिल में है। उन्होंने कहा कि 90 के दशक से कश्मीर में आतंकवाद में लिप्त लोगों के खिलाफ मोदी सरकार की ज़ीरो टॉलरेंस की नीति है और हम मज़बूती के साथ अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं।

गृह मंत्री ने कहा, “ आतंकवादी यह न समझ लें कि आज हमारे नागरिकों की जान लेकर वे यह लड़ाई जीत गए हैं। यह लड़ाई का अंत नहीं है, बल्कि मुकाम है, आतंकवाद के लिए ज़िम्मेदार हर व्यक्ति को चुन-चुनकर जवाब दिया भी जाएगा और उससे जवाब लिया भी जाएगा।”

शाह ने कहा कि चाहे उत्तरपूर्व हो, वामपंथी उग्रवाद हो या फिर कश्मीर में आतंकवाद हो, इन सबका मज़बूती से जवाब दिया गया है। उन्होंने कहा कि कायराना हमला करके कोई अगर यह समझता है कि उनकी जीत हो गई है तो उन्हें यह जान लेना चाहिए कि यह मोदी सरकार है जो किसी को बख्शेगी नहीं।
गृह मंत्री ने कहा कि भारत की भूमि से आतंकवाद को समूल उखाड़ फेंकने का मोदी सरकार का संकल्प सिद्ध होकर रहेगा। इस लड़ाई में न सिर्फ 140 करोड़ भारतीय बल्कि पूरी दुनिया भारत के साथ खड़ी है। दुनिया के सभी देश एकजुट होकर आतकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत की जनता के साथ खड़े हैं। जब तक आतंकवाद समाप्त नहीं होगा हमारी लड़ाई जारी रहेगी और जिन लोगों ने यह कुकृत्य किया है उन्हें निश्चित रूप से दंड दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें- ‘Swayambhu’ में Nikhil Siddhartha का रोल क्यों है सबसे अलग? डायरेक्टर ने बताया सच

Exit mobile version