Dainik Savera Times

Parliament: ‘वेस्ट एशिया में हालात चिंताजनक, भारतीयों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता’, लोकसभा में बोले पीएम मोदी

'The situation in West Asia is worrying', PM Modi said in the Lok Sabha

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा में पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष पर देश को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पिछले 2–3 हफ्तों से वहां के हालात काफी चिंताजनक बने हुए हैं और इसका असर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था और आम लोगों की जिंदगी पर पड़ रहा है। पीएम ने बताया कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी पहले ही संसद को इस मुद्दे पर जानकारी दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देश इस विवाद को जल्द खत्म करने की अपील कर रहे हैं।

भारतीयों की सुरक्षित वापसी

प्रधानमंत्री ने जानकारी दी कि संघर्ष शुरू होने के बाद अब तक 3 लाख 75 हजार से ज्यादा भारतीय सुरक्षित भारत लौट चुके हैं। ईरान से करीब 1000 भारतीय वापस आए हैं। इनमें 700 से अधिक मेडिकल छात्र शामिल हैं।  उन्होंने यह भी बताया कि खाड़ी देशों में हजारों भारतीय छात्र पढ़ाई करते हैं। वहां की स्थिति को देखते हुए CBSE ने 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं रद्द कर दी हैं और छात्रों की पढ़ाई जारी रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

 

खाड़ी देशों में बड़ी संख्या में भारतीय

पीएम मोदी ने कहा कि करीब 1 करोड़ भारतीय खाड़ी देशों में रहते और काम करते हैं। इसके अलावा, समुद्री जहाजों में भी बड़ी संख्या में भारतीय क्रू मेंबर हैं। ऐसे में इस क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रम भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर भारत की संसद से एकजुट और स्पष्ट संदेश दुनिया तक जाना जरूरी है।

सरकार की प्राथमिकता, भारतीयों की सुरक्षा

प्रधानमंत्री ने कहा कि जैसे ही यह संघर्ष शुरू हुआ, भारत सरकार ने प्रभावित देशों में रह रहे भारतीयों की मदद शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि उन्होंने पश्चिम एशिया के कई राष्ट्राध्यक्षों से दो बार फोन पर बात की है और सभी ने भारतीयों की सुरक्षा का भरोसा दिया है। हालांकि, इस दौरान कुछ भारतीयों की मौत भी हुई है और कुछ घायल हुए हैं। सरकार उनके परिवारों की मदद कर रही है और घायलों का इलाज सुनिश्चित किया जा रहा है।

 

होर्मुज क्षेत्र और सप्लाई पर असर

पीएम मोदी ने होर्मुज जलडमरूमध्य का जिक्र करते हुए कहा कि भारत के लिए यह इलाका बहुत अहम है, क्योंकि यहीं से कच्चा तेल, गैस और खाद जैसी जरूरी चीजें आती हैं। फिलहाल वहां जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है, लेकिन सरकार कोशिश कर रही है कि देश में पेट्रोल, डीजल और गैस की सप्लाई पर कोई असर न पड़े। उन्होंने यह भी बताया कि भारत अपनी जरूरत का लगभग 60% LPG आयात करता है, इसलिए सरकार अब इसके घरेलू उत्पादन को बढ़ाने पर जोर दे रही है।

Exit mobile version