Site icon Dainik Savera Times

दिल्ली के लक्ष्मी नगर में ट्रिपल मर्डर, 25 साल के युवक ने ऐसे उजाड़ दिया अपना पूरा परिवार, दहला देगी कहानी

Delhi Triple Murder In Laxmi Nagar

Delhi Triple Murder In Laxmi Nagar

नेशनल डेस्कः दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 25 वर्षीय युवक ने अपनी मां, बहन और नाबालिग भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। यह घटना क्षेत्र के सुभाष चौक स्थित एक घर में हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

आरोपी और मृतक कौन हैं?

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान यशवीर सिंह के रूप में हुई है। मृतकों में उसकी 46 वर्षीय मां कविता, 24 वर्षीया बहन मेघना और 14 साल का भाई मुकुल शामिल हैं। परिवार मध्यमवर्गीय था और पिछले कुछ समय से आर्थिक तंगी और तनाव से जूझ रहा था। बताया जा रहा है कि यशवीर के पिता, जो ट्रक ड्राइवर हैं, पिछले छह महीनों से परिवार से अलग रह रहे थे। ऐसे में घर की आर्थिक और पारिवारिक जिम्मेदारी काफी हद तक यशवीर पर आ गई थी।

ये भी देखें :- ਮੋਗਾ ‘ਚ ਭਿਆਨਕ ਹਾਦਸਾ, 3 ਗੱਡੀਆਂ ਦੀ ਟੱਕਰ, ਉੱਡੇ ਪਰਖੱਚੇ

कैसे रची गई साजिश?

जांच में सामने आया है कि यह कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं था, बल्कि सुनियोजित साजिश थी। पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह यशवीर यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक मंदिर गया, जहां से उसने धतूरे के बीज इकट्ठा किए। घर लौटकर उसने इन बीजों से लड्डू बनाए और दोपहर में अपनी मां, बहन और भाई को खाने के लिए दे दिए। तीनों ने बिना शक किए लड्डू खा लिए। धतूरे के नशे के असर से वे बेहोश हो गए। इसके बाद दोपहर करीब 1:30 से 2 बजे के बीच यशवीर ने मफलर से तीनों का गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के समय उसकी पत्नी घर पर मौजूद नहीं थी।

हत्या के बाद खुद थाने पहुंचा आरोपी

हत्या को अंजाम देने के बाद यशवीर शाम करीब 5 बजे लक्ष्मी नगर थाने पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। उसने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस जब घर पहुंची तो अंदर का नजारा देखने लायक नहीं था। फोरेंसिक टीम ने मौके से लड्डू के अवशेष, मफलर और अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह साफ होगा कि मौत केवल गला घोंटने से हुई या धतूरे के जहर का भी योगदान था।

मानसिक दबाव और आर्थिक संकट की बात

पूछताछ में यशवीर ने दावा किया कि वह गंभीर आर्थिक संकट में था। उसके नाम पर 1.5 करोड़ रुपये की बीमा पॉलिसी होने की बात भी उसने कही। उसने यह भी बताया कि उसने पिछले दो महीनों में कई बार आत्महत्या करने की कोशिश की थी। यशवीर ने यह भी कहा कि कथित रूप से उसकी मां ने उसे पहले परिवार के सदस्यों को मारने और फिर खुदकुशी करने की सलाह दी थी, हालांकि पुलिस इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि कर रही है।

पुलिस जांच जारी

पुलिस ने यशवीर को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है। पड़ोसियों और रिश्तेदारों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। घटनाक्रम में उसकी पत्नी की भूमिका या जानकारी की भी जांच की जा रही है। यह मामला सिर्फ एक ट्रिपल मर्डर नहीं, बल्कि मानसिक तनाव, आर्थिक तंगी और पारिवारिक टूटन की गहरी परतों को भी उजागर करता है। पुलिस मनोवैज्ञानिक पहलू से भी मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें :- हिमाचल प्रदेश: सिरमौर में किसानों को बड़ी राहत, पीएम फसल बीमा योजना की समय-सीमा बढ़ी

Exit mobile version