Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन गुवाहाटी-कोलकाता के बीच चलेगी, PM मोदी जल्द दिखाएंगे हरी झंडी

January 1, 2026

देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन गुवाहाटी-कोलकाता के बीच चलेगी, PM मोदी जल्द दिखाएंगे हरी झंडी

नई दिल्ली: देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन बहुत जल्द शुरू होने जा रही है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को बताया कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का ट्रायल, टेस्टिंग और सेफ्टी सर्टिफिकेशन पूरा हो चुका है। इस नई ट्रेन का पहला रूट गुवाहाटी से कोलकाता (हावड़ा) के बीच तय किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।

रेल मंत्री ने कहा कि लंबे समय से देश में नई और आधुनिक ट्रेनों की मांग थी। वंदे भारत चेयर कार ट्रेनों को यात्रियों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला, जिसके बाद स्लीपर वर्जन की जरूरत महसूस की गई। अब वंदे भारत स्लीपर ट्रेन लंबी दूरी की यात्रा को तेज़, आरामदायक और आधुनिक बनाएगी।

लंबी दूरी के लिए खास डिजाइन

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को 1,000 किलोमीटर से ज्यादा की यात्रा के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें बेहतर सस्पेंशन सिस्टम, आधुनिक सुरक्षा फीचर्स और आरामदायक स्लीपर कोच दिए गए हैं, ताकि रात की यात्रा ज्यादा सुविधाजनक हो सके।

किराया होगा किफायती

रेल मंत्री के मुताबिक, गुवाहाटी–हावड़ा रूट पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का किराया आम लोगों की पहुंच में रखा गया है। 3AC का किराया लगभग 2,300 रुपए। 2AC का किराया लगभग 3,000 रुपए। फर्स्ट AC का किराया लगभग 3,600 रुपए। उन्होंने बताया कि इस रूट पर हवाई यात्रा का किराया आमतौर पर 6,000 रुपए से 8,000 रुपए तक होता है और कई बार 10,000 रुपए तक भी पहुंच जाता है। ऐसे में यह ट्रेन यात्रियों के लिए एक सस्ता और बेहतर विकल्प होगी।

हाई-स्पीड ट्रायल रहा सफल

भारतीय रेलवे ने कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (CRS) की निगरानी में वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का अंतिम हाई-स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा किया है। यह ट्रायल कोटा–नागदा सेक्शन पर किया गया, जहां ट्रेन ने 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार हासिल की। तेज गति के दौरान ट्रेन की स्थिरता, ब्रेकिंग सिस्टम और सुरक्षा मानकों को पूरी तरह संतोषजनक पाया गया। रेल मंत्री ने सोशल मीडिया पर इस ट्रायल का वीडियो भी साझा किया था, जिसमें तेज रफ्तार के दौरान पानी से भरे गिलास स्थिर दिखाई दिए। इससे ट्रेन की बेहतरीन राइड क्वालिटी और तकनीकी मजबूती साफ नजर आई।

आधुनिक सुविधाओं से लैस ट्रेन

16 कोच वाली इस वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया है। इसमें शामिल हैं, आरामदायक स्लीपर बर्थ, आधुनिक शौचालय, स्वचालित दरवाजे, CCTV कैमरे, आग से सुरक्षा की उन्नत प्रणाली, डिजिटल यात्री सूचना सिस्टम, दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष शौचालय और इमरजेंसी में चालक से संपर्क के लिए टॉक-बैक सिस्टम।

आगे की योजना

अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस साल के अंत तक करीब 12 वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें तैयार कर ली जाएंगी। अगले साल से इन्हें देश के अन्य रूट्स पर भी तेजी से शुरू किया जाएगा। CRS ट्रायल की सफलता के साथ अब वंदे भारत स्लीपर सेवाओं के शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। यह कदम भारतीय रेलवे के आत्मनिर्भर भारत और आधुनिक रेल नेटवर्क के सपने को और मजबूत करता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें