Site icon Dainik Savera Times

भारत समेत कई देशों में X की सर्विस हुई ठप, लॉगिन नहीं कर पा रहे यूजर्स

नेशनल डेस्क: एलन मस्क के स्वामित्व वाला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) शनिवार को भारत और कई अन्य देशों में अचानक तकनीकी परेशानी से जूझता नजर आया। कई यूज़र्स को प्लेटफॉर्म पर लॉगिन करने और पोस्ट देखने में समस्या का सामना करना पड़ा। कई लोगों को स्क्रीन पर यह मैसेज दिखा, “इस समय पोस्ट प्राप्त नहीं की जा सकती। कृपया बाद में पुनः प्रयास करें।”

भारत में कितने यूज़र्स को हुई परेशानी?
वेबसाइट और ऐप की परफॉर्मेंस पर नजर रखने वाली साइट डाउनडिटेक्टर डॉट कॉम के अनुसार, भारत में 2,000 से ज़्यादा लोगों ने एक्स से जुड़ी दिक्कतों की रिपोर्ट की। इनमें से 45% को लॉगिन करने में दिक्कत हुई, 39% को ऐप में परेशानी आई और 16% ने वेबसाइट की समस्याओं की शिकायत की। शाम 6:18 बजे यह समस्या अपने चरम पर थी, जब कुल 2,151 यूज़र्स ने शिकायतें दर्ज कराईं। हालांकि कुछ समय बाद यह आउटेज खत्म हो गया और एक्स की सेवाएं सामान्य हो गईं।

अमेरिका और कनाडा में भी रही परेशानी
भारत के अलावा, अमेरिका और कनाडा में भी एक्स के यूज़र्स को इसी तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अमेरिका में करीब 25,699 यूज़र्स ने शिकायत की, 68% को लॉगिन में परेशानी, 24% को ऐप से जुड़ी दिक्कत, और 8% को वेबसाइट में समस्या थी।

इससे पहले भी आ चुका है बड़ा आउटेज
यह पहली बार नहीं है कि एक्स इस तरह के आउटेज से जूझा हो। इस साल की शुरुआत में 10 मार्च को भी एक्स की सेवाएं दुनियाभर में कई घंटों तक बाधित रहीं थीं और हजारों लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा था।

Exit mobile version