Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘आप भारत-मलेशिया दोस्ती की जीवित कड़ी’, भारतीय समुदाय को PM मोदी का संदेश

February 7, 2026

‘आप भारत-मलेशिया दोस्ती की जीवित कड़ी’, भारतीय समुदाय को PM मोदी का संदेश

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर पहुंचे, जहां उन्होंने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ उस स्थान पर पहुंचकर भारतीय डायस्पोरा कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जहां वे प्रवासी भारतीयों को संबोधित करने वाले थे। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत में मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम का दिल से धन्यवाद किया।

उन्होंने कहा कि जिस गर्मजोशी से उनका स्वागत किया गया, वह भारत और मलेशिया की साझा संस्कृति और गहरी दोस्ती को दिखाता है। PM मोदी ने खास तौर पर इस बात का जिक्र किया कि प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम खुद एयरपोर्ट पर उन्हें लेने आए और अपनी कार में कार्यक्रम स्थल तक लाए। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ कार नहीं थी, बल्कि उनकी सीट भी थी। यह इशारा भारत और आप सभी के लिए उनके सम्मान और प्यार को दिखाता है।”

 

2026 की पहली विदेश यात्रा मलेशिया से

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि यह साल 2026 की उनकी पहली विदेश यात्रा है। उन्होंने कहा कि पिछले साल ASEAN समिट के दौरान वे मलेशिया नहीं आ सके थे, लेकिन उन्होंने प्रधानमंत्री अनवर से वादा किया था कि वे जल्द आएंगे। उन्होंने कहा, “जैसा वादा किया था, मैं आज आपके बीच हूं।”

रिकॉर्ड बनाने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुति की तारीफ

कार्यक्रम में हुई भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुति की तारीफ करते हुए PM मोदी ने कहा कि 800 कलाकारों ने एक साथ बेहतरीन तालमेल में नृत्य कर नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कहा, “यह प्रस्तुति हमारे लोगों के दिलों में लंबे समय तक याद रहेगी। मैं सभी कलाकारों को बधाई देता हूं।”

 

भारतीय समुदाय को बताया ‘जीवित पुल’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मलेशिया में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा भारतीय मूल का समुदाय रहता है। उन्होंने कहा, “आप भारत और मलेशिया के बीच वो जीवित पुल हैं, जो दोनों देशों को दिल से जोड़ते हैं।” उन्होंने दोनों देशों की सांस्कृतिक समानताओं का जिक्र करते हुए कहा कि रोटी कैनाई और मालाबार परोट्टा, नारियल, मसाले और स्वाद- सब इतने मिलते-जुलते हैं कि कुआलालंपुर हो या कोच्चि, अपनापन महसूस होता है।उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय भाषाओं और मलय भाषा में कई समान शब्द हैं, जिससे आपसी समझ और मजबूत होती है। PM मोदी ने मुस्कुराते हुए कहा कि प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को गाने का शौक है और उन्हें तमिल गाने खास तौर पर पसंद हैं, जो दोनों संस्कृतियों के जुड़ाव को दिखाता है।

भारत की बढ़ती वैश्विक भागीदारी का जिक्र

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में भारत की वैश्विक आर्थिक स्थिति का भी जिक्र किया और कहा कि आज UAE, ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड, ओमान, यूरोपीय यूनियन और अमेरिका जैसे देशों के साथ भारत की ट्रेड डील है।

 

मुश्किल वक्त में साथ देने के लिए धन्यवाद

PM मोदी ने 2001 के गुजरात भूकंप को याद करते हुए कहा कि उस मुश्किल समय में मलेशिया में रहने वाले भारतीयों ने बढ़-चढ़कर मदद की थी। उन्होंने कहा, “भारत के लिए आपके दिलों में खास जगह है, और आपने यह मुश्किल वक्त में साबित किया।” उन्होंने आज़ादी की लड़ाई में मलेशिया में बसे भारतीयों के योगदान को भी याद किया। PM मोदी ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता के लिए कई प्रवासी भारतीयों के पूर्वजों ने बड़ी कुर्बानियां दीं और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की इंडियन नेशनल आर्मी में सबसे पहले शामिल होने वालों में मलेशिया के भारतीय भी थे। अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने मलेशिया में नेताजी सर्विस सेंटर और नेताजी वेलफेयर फाउंडेशन के प्रयासों को भी नमन किया और कहा कि प्रवासी भारतीयों का योगदान भारत के इतिहास और भविष्य दोनों में अमूल्य है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें