Site icon Dainik Savera Times

Aamir Khan ने कहा, ‘महाभारत’ पर फिल्म बनाना मेरा सपना

Aamir Khan

Aamir Khan

मुंबई : बॉलीवुड अभिनेता Aamir Khan ने शनिवार को कहा कि वह महाकाव्य ‘महाभारत’ को बड़े पर्दे पर पेश करने के अपने सपने को साकार करने की दिशा में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। एबीपी नेटवर्क के ‘आइडियाज ऑफ इंडिया 2025’ कार्यक्रम में आमिर ने यह भी कहा कि वह बच्चों पर केंद्रित फिल्में और कार्यक्रम अधिक बनाना चाहते हैं। अभिनेता ने कहा, महाभारत पर फिल्म बनाना मेरा सपना है। शायद अब मैं इस सपने के बारे में सोच पाऊंगा। देखते हैं कि इसमें मेरा कोई किरदार होगा या नहीं। मुझे बच्चों से जुड़ा ‘कंटेंट’ बनाने में भी दिलचस्पी है। भारत में हम बच्चों के लिए कम ‘कंटेंट’ बनाते हैं। आमतौर पर हम विदेश के ‘कंटेंट’ डब करके रिलीज करते हैं। मैं बच्चों पर केंद्रित कहानियां बनाना चाहता हूं। उन्होंने कहा, एक अभिनेता के तौर पर मैं एक समय में एक ही फिल्म करता हूं और मैं इससे खुश हूं। लेकिन एक निर्माता के रूप में, मैं ज्यादा फिल्में बनाना चाहता हूं। अगले महीने मैं 60 साल का हो जाऊंगा और आने वाले 10-15 वर्षों तक मैं ज्यादा काम करना चाहता हूं, नयी प्रतिभाओं को अवसर देना चाहता हूं।

भारत में अधिक सिनेमाघरों की जरूरत

‘रंग दे बसंती’, ‘दिल चाहता है’, ‘लगान’ और ‘3 इडियट्स’ जैसी फिल्मों के लिए मशहूर आमिर ने कहा कि हिंदी फिल्म उद्योग में लेखकों को अधिक पहचान और समर्थन देने की जरूरत है। उन्होंने कहा, भारत में अधिक सिनेमाघरों की जरूरत है। चीन में एक लाख से अधिक सिनेमाघर हैं, जबकि हमारे यहां केवल 10,000 सिनेमाघर हैं। हमें ऐसे सिनेमाघर चाहिए, जो बड़े पैमाने पर दर्शकों की उम्मीदों को पूरा करें। आमिर ने अपने बेटे जुनैद खान की हालिया प्रर्दिशत फिल्म ‘लवयापा’ की असफलता पर भी बात की और कहा कि इससे वह निराश हुए। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि फिल्म अच्छी है और जुनैद ने भी काफी अच्छा काम किया है।

जुनैद फिल्म उद्योग में आगे बढ़ेगा और सीखेगा

एक पिता के रूप में मैं अपने बेटे की फिल्म को लेकर दस गुना ज्यादा तनाव में था। रिलीज से दो हफ्ते पहले, मैं सोच रहा था कि मैं इतना चिंतित क्यों हूं? यह मेरी फिल्म नहीं है, न तो मैंने इसमें अभिनया किया है, न ही इसका निर्माण या निर्देशन किया है। लेकिन फिर भी मैं बेचैन था। आमिर ने उम्मीद जताई कि जुनैद फिल्म उद्योग में आगे बढ़ेगा और सीखेगा। उन्होंने कहा, हम जुनैद के साथ एक फिल्म कर रहे हैं, जो नवंबर या दिसंबर में रिलीज होगी। यह एक रोमांटिक फिल्म है और इसकी कहानी बहुत अच्छी है। यह एक ऐसा क्षेत्र है, जहां सफलता और असफलता का सामना करना पड़ता है। आमिर जल्द ‘तारे जमीन पर’ की सीक्वेल ‘सितारे जमीन पर’ में नजर आएंगे। इस फिल्म के 2025 के मध्य में सिनेमाघरों में दस्तक देने की संभावना है।

Exit mobile version