Amarnath Yatra 2025 : अमरनाथ यात्रा सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है। पिछले 16 दिनों में लगभग 2.73 लाख से अधिक तीर्थयात्री बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। इसके अलावा, शनिवार को 6,365 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था जम्मू से कश्मीर घाटी के लिए रवाना हुआ। अधिकारियों ने बताया कि 3 जुलाई को यात्रा शुरू होने के बाद से 2.73 लाख से ज़्यादा तीर्थयात्री पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं।
नया जत्था रवाना
अधिकारियों के अनुसार, 6,365 तीर्थयात्रियों का एक नया जत्था दो सुरक्षा काफिलों में जम्मू के कैनाल रोड स्थित भगवती नगर यात्री निवास से घाटी के लिए रवाना हुआ। अधिकारियों ने बताया कि पहला जत्था सुरक्षा काफिले के साथ रवाना हुआ, जिसमें 92 वाहनों में 2,851 तीर्थयात्री बालटाल आधार शिविर के लिए रवाना हुए। इसके साथ ही, दुसरे काफिले में 119 वाहनों में 3,514 तीर्थयात्री पहलगाम आधार शिविर के लिए रवाना हुए।
प्राकृतिक कारणों से अब तक 13 की मौत
यात्रा के दौरान अब तक 13 तीर्थयात्रियों की प्राकृतिक कारणों से मृत्यु हो चुकी है। प्रशासन ने अमरनाथ यात्रा के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। यह यात्रा पहलगाम हमले के बाद हो रही है, जिसमें पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने 26 नागरिकों की हत्या कर दी थी।
सेना के हाथ में है सुरक्षा बालों की कमान
सेना, बीएसएफ, सीआरपीएफ, एसएसबी और स्थानीय पुलिस की मौजूदा संख्या को बढ़ाने के लिए 180 अतिरिक्त सीएपीएफ कंपनियां तैनात की गई हैं। जम्मू में भगवती नगर यात्री निवास से गुफा मंदिर तक का पूरा मार्ग और दोनों आधार शिविरों के रास्ते में पड़ने वाले सभी पारगमन शिविरों की सुरक्षा, सुरक्षा बलों द्वारा की जा रही है।
हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध नहीं है
पहलगाम मार्ग का उपयोग करने वाले लोग चंदनवाड़ी, शेषनाग और पंचतरणी होते हुए गुफा तक पहुंचते हैं और 46 किमी की पैदल दूरी तय करते हैं।तीर्थयात्रियों को गुफा तक पहुंचने में चार दिन लगते हैं। छोटे बालटाल मार्ग का उपयोग करने वालों को गुफा तक पहुंचने के लिए 14 किमी पैदल चलना पड़ता है और यात्रा पूरी करने के बाद उसी दिन आधार शिविर वापस लौटना पड़ता है। सुरक्षा कारणों से, इस वर्ष तीर्थयात्रियों के लिए कोई हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध नहीं है।
इस दिन समाप्त होगी यात्रा
अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई को शुरू हुई थी और 38 दिन बाद 9 अगस्त को, जो श्रावण पूर्णिमा और रक्षाबंधन का दिन है, समाप्त होगी। श्री अमरनाथ जी यात्रा तीर्थयात्रियों के लिए सबसे पवित्र धार्मिक तीर्थयात्राओं में से एक है, क्योंकि किंवदंती है कि भगवान शिव ने इसी गुफा में माता पार्वती को शाश्वत जीवन और अमरता के रहस्यों का ज्ञान दिया था।

