Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Amarnath Yatra 2026: श्रद्धालुओं को मिल रहा 24 घंटे मुफ्त इलाज, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

July 26, 2026

Amarnath Yatra 2026: श्रद्धालुओं को मिल रहा 24 घंटे मुफ्त इलाज, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

Amarnath Yatra 2026: जम्मू-कश्मीर में चल रही अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने रामबन जिले में व्यापक चिकित्सा व्यवस्था की है। बनिहाल क्षेत्र के चंदेरकोट और लैंबर समेत यात्रा मार्ग के कई प्रमुख स्थानों पर मेडिकल कैंप, मिनी अस्पताल और 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यहां हजारों श्रद्धालु मुफ्त इलाज, दवाइयों और जरूरी जांच सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि लैंबर में स्थापित मिनी अस्पताल में अब तक 5000 से अधिक मरीजों का इलाज किया जा चुका है। यहां डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की टीम चौबीसों घंटे तैनात है। यात्रियों को मुफ्त परामर्श, दवाइयां, रक्तचाप सहित अन्य आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि केवल लैंबर ही नहीं, बल्कि चंदेरकोट सहित अन्य चिकित्सा केंद्रों पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपचार के लिए पहुंचे हैं। विभाग की कोशिश है कि यात्रा मार्ग के हर महत्वपूर्ण पड़ाव पर पर्याप्त डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ और एंबुलेंस उपलब्ध रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर हेल्पलाइन नंबर और जरूरी सूचना भी प्रदर्शित की जा रही है।

ये भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी को ईशान किशन की सलाह! सोशल मीडिया से ज्यादा क्रिकेट पर ध्यान दे

 

निजी अस्पताल जैसी सुविधाएं
महाराष्ट्र के नागपुर से आए श्रद्धालु धीरज ने बताया कि अमरनाथ दर्शन के बाद शरीर में काफी थकान महसूस हो रही थी। सीआरपीएफ बेस कैंप के पास उन्हें स्वास्थ्य विभाग की मुफ्त चिकित्सा सुविधा के बारे में जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि अस्पताल पहुंचने पर उन्हें निजी अस्पताल जैसी सुविधाएं मिलीं। डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ का व्यवहार भी बेहद अच्छा रहा और बिना किसी शुल्क के इलाज उपलब्ध कराया गया।

मेडिकल सुविधाएं आसानी से उपलब्ध
एक अन्य श्रद्धालु ने भी सरकार की व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए कहा कि यात्रा मार्ग पर मेडिकल सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि किसी भी यात्री को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टरों की टीम इलाज शुरू कर देती है और आवश्यक दवाइयां भी मुफ्त दी जाती हैं। इससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान काफी भरोसा और सुरक्षा का एहसास होता है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें