Site icon Dainik Savera Times

Aries Yearly Horoscope 2026: साढ़ेसाती के बीच कैसा रहेगा मेष राशि वालों का करियर-वैवाहिक जीवन? पढ़ें पूरा वार्षिक राशिफल

Aries Yearly Horoscope 2026

Aries Yearly Horoscope 2026

Aries Yearly Horoscope 2026: वैदिक ज्योतिष में मेष राशि का स्वामी मंगल ग्रह है, जिन्हें साहस, ऊर्जा, पराक्रम और नेतृत्व का प्रतीक माना जाता है। वर्ष 2026 मेष राशि वालों के लिए मिश्रित परिणाम लेकर आएगा। एक ओर जहां भाग्य का साथ मिलेगा, वहीं दूसरी ओर शनि की साढ़ेसाती कुछ चुनौतियाँ भी खड़ी कर सकती है। आइए जानते हैं कि नया साल आपके करियर, कारोबार, आर्थिक स्थिति, स्वास्थ्य और वैवाहिक जीवन के लिए कैसा रहेगा।

मेष राशि पर ग्रहों की चाल और साढ़ेसाती का प्रभाव

वर्ष 2026 की शुरुआत में चंद्रमा द्वितीय भाव में रहेंगे। गुरु ग्रह तृतीय भाव में मिथुन राशि में वक्री अवस्था में स्थित रहेंगे और जून के बाद चतुर्थ भाव में प्रवेश करेंगे। पंचम भाव में केतु, नवम भाव में सूर्य, बुध, मंगल और शुक्र का संयोग बनेगा। एकादश भाव में राहु और द्वादश भाव में शनि विराजमान रहेंगे।

इसी कारण मेष राशि वालों पर शनि की साढ़ेसाती का प्रभाव बना रहेगा, जिससे मानसिक दबाव, खर्चों में बढ़ोतरी और धैर्य की परीक्षा हो सकती है।

आर्थिक स्थिति: धनलाभ के बनेंगे योग

2026 में मेष राशि वालों के लिए आर्थिक स्थिति सामान्य से बेहतर रहने के संकेत हैं। भाग्य स्थान में कई ग्रहों की युति होने से सालभर धन आगमन बना रहेगा। हालांकि अप्रैल का महीना और 18 सितंबर से 12 नवंबर के बीच खर्च बढ़ सकते हैं।

इस दौरान सेहत पर खर्च हो सकता है, इसलिए आर्थिक निर्णय सोच-समझकर लें। साढ़ेसाती के चलते विवादों और गलत संगत से दूरी बनाकर रखना लाभदायक रहेगा।

करियर और कारोबार: मेहनत से मिलेगी सफलता

नौकरीपेशा लोगों के लिए जनवरी, फरवरी, अप्रैल, मई और जून का समय अनुकूल रहेगा। इस दौरान पदोन्नति या नई जिम्मेदारी मिलने के योग बन सकते हैं। मार्च, अगस्त, सितंबर और अक्टूबर में नौकरी बदलने से बचें। व्यापारियों को इन महीनों में बड़े निवेश और उधार देने से सावधान रहना चाहिए। कुल मिलाकर साल आपको मेहनत और धैर्य का फल देगा।

शिक्षा और करियर ग्रोथ

छात्रों के लिए 2026 सकारात्मक रहेगा। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता मिलने के योग हैं। जो छात्र विदेश जाकर पढ़ाई करने की योजना बना रहे हैं, उनकी इच्छा पूरी हो सकती है।
हालांकि शनि के प्रभाव के कारण ध्यान भटक सकता है, इसलिए अनुशासन और एकाग्रता बनाए रखना बेहद जरूरी होगा।

स्वास्थ्य: सावधानी जरूरी

साल की शुरुआत में मंगल भाग्य स्थान में होने से स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। लेकिन सितंबर और नवंबर में मंगल के नीच होने से थकान, तनाव और पेट से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। मानसिक तनाव से बचने के लिए योग और ध्यान लाभकारी रहेगा। बाहर का भोजन कम करें और यात्रा के दौरान सेहत का विशेष ध्यान रखें।

वैवाहिक जीवन और प्रेम संबंध

वैवाहिक जीवन के लिहाज से 2026 ठीक-ठाक रहेगा। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा, लेकिन पंचम भाव में केतु के कारण प्रेम संबंधों में गलतफहमियाँ पैदा हो सकती हैं। गुस्से और अहंकार से बचें, क्योंकि शनि की दृष्टि क्रोध बढ़ा सकती है। आपसी संवाद बनाए रखने से रिश्ते मजबूत रहेंगे।

मेष राशि के लिए विशेष उपाय

साढ़ेसाती के नकारात्मक प्रभाव को कम करने के लिए ये उपाय लाभकारी रहेंगे:

पूरे वर्ष नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करें

हर मंगलवार हनुमान जी को बूंदी का भोग और लाल चोला अर्पित करें

शनिवार को शनि देव को सरसों का तेल, काले तिल और 5 बादाम चढ़ाएं

जरूरतमंदों को कंबल और भोजन का दान करें

Exit mobile version