Dhanteras Shopping 2025: कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि से दीपावली पर्व की शुरुआत होती है। इस दिन को धनतेरस या धनत्रयोदशी कहा जाता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन समुद्र मंथन से मां लक्ष्मी और भगवान धनवंतरी प्रकट हुए थे। इसलिए इस दिन लक्ष्मी और कुबेर की पूजा करने का विशेष महत्व है। धनतेरस के दिन कुछ चीजों की खरीदारी को अत्यंत शुभ माना गया है। कहा जाता है कि ऐसा करने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है और धन का आगमन होता है।
जानें धनतेरस का महत्व
कहते हैं, समुद्र मंथन के दौरान जब धनवंतरी अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे, तभी से इस दिन बर्तन और कीमती धातुएं खरीदने की परंपरा चली आ रही है। इस दिन सोने-चांदी के सिक्के, बर्तन और सात धान्यों की पूजा की जाती है। इन धान्यों में गेहूं, चना, जौ, उड़द, मूंग, मसूर और चावल शामिल होते हैं। आइए ख़बर में विस्तार से जानते है…
धनतेरस पर खरीदें ये 8 चीजें
1. सोना और चांदी:
धनतेरस पर सोना और चांदी खरीदना अत्यंत शुभ माना जाता है। यह न केवल समृद्धि का प्रतीक है बल्कि मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त करने का भी माध्यम है। बजट के अनुसार सिक्के, आभूषण या मूर्तियां खरीदी जा सकती हैं।
2. कुबेर यंत्र:
धनतेरस के दिन कुबेर यंत्र खरीदना शुभ होता है। इसे घर या दुकान की तिजोरी में रखकर “ॐ यक्षाय कुबेराय वैश्रवणाय धनधान्याधिपतये धनधान्यसमृद्धिं मे देहि दापय स्वाहा॥” मंत्र से पूजन करें।
3. तांबा और कांसा:
धनवंतरी आरोग्य के देवता माने जाते हैं, इसलिए तांबे या कांसे के बर्तन खरीदना शुभ रहता है। यह स्वास्थ्य और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है।
4. झाड़ू:
इस दिन नई झाड़ू खरीदने की भी परंपरा है। ऐसा करने से घर की नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और आर्थिक तंगी समाप्त होती है।
5. शंख और रुद्राक्ष:
धनतेरस पर शंख और सात मुखी रुद्राक्ष खरीदना भी शुभ होता है। रोजाना पूजा के समय शंख बजाने से घर के संकट दूर होते हैं।
6. गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति:
धनतेरस के दिन भगवान गणेश और देवी लक्ष्मी की मूर्ति खरीदकर घर लाना शुभ होता है। यह पूरे वर्ष घर में सुख और समृद्धि बनाए रखती है।
7. नमक:
इस दिन नमक खरीदना भी शुभ माना गया है। कहा जाता है कि इससे घर में दरिद्रता दूर होती है और धन की वृद्धि होती है।
8. साबुत धनिया:
धनतेरस पर साबुत धनिया खरीदकर पूजा में शामिल करें। बाद में इसे घर की मिट्टी या गमले में डाल दें, जिससे घर में सम्पन्नता बनी रहती है।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। दैनिक सवेरा टाइम्स एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)