धर्म डेस्क: नवंबर 2026 का आखिरी प्रदोष व्रत रविवार को रखा जाएगा। रविवार के दिन पड़ने वाले प्रदोष व्रत को रवि प्रदोष कहा जाता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव के साथ सूर्य देव की पूजा करने से अच्छी सेहत, लंबी उम्र और मान-सम्मान मिलता है। आइए जानते हैं नवंबर के आखिरी प्रदोष व्रत की सही तारीख, शुभ मुहूर्त और पूजा करने का तरीका…
नवंबर का आखिरी प्रदोष व्रत कब है?
पंचांग के अनुसार, कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि 22 नवंबर 2026 को सुबह 4 बजकर 56 मिनट पर शुरू होगी। वहीं इसका समापन 23 नवंबर 2026 को रात 2 बजकर 36 मिनट पर होगा। ऐसे में नवंबर का आखिरी प्रदोष व्रत 22 नवंबर 2026, रविवार को रखा जाएगा। इस दिन रवि प्रदोष व्रत किया जाएगा।
रवि प्रदोष व्रत 2026 का शुभ मुहूर्त
बता दें कि प्रदोष व्रत में शाम के समय भगवान शिव की पूजा करना सबसे अच्छा माना जाता है। इस समय को प्रदोष काल कहते हैं।
– प्रदोष व्रत की तारीख: 22 नवंबर 2026, रविवार
– पूजा का शुभ समय: शाम 5:25 बजे से रात 8:06 बजे तक
– ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 5:02 बजे से 5:56 बजे तक
– अभिजित मुहूर्त: सुबह 11:46 बजे से दोपहर 12:28 बजे तक
रवि प्रदोष व्रत की पूजा कैसे करें?
1. सबसे पहले सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ कपड़े पहनें।
2. इसके बाद भगवान शिव के सामने हाथ जोड़कर व्रत रखने का संकल्प लें।
3. सुबह तांबे के लोटे से सूर्य देव को जल चढ़ाएं।
4. इसके बाद भगवान शिव की पूजा करें।
5. शाम को प्रदोष काल में शिव मंदिर जाएं या घर के मंदिर में पूजा करें।
6. शिवलिंग पर गंगाजल और पंचामृत चढ़ाएं।
7. इसके बाद बेलपत्र, धतूरा, भांग, शमी के पत्ते, सफेद फूल, चावल और चंदन अर्पित करें।
8. भगवान शिव के सामने घी का दीपक जलाएं और ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र का जाप करें।
9. इसके बाद रवि प्रदोष व्रत की कथा पढ़ें या सुनें।
10. आखिर में भगवान शिव और माता पार्वती की आरती करें और अपनी मनोकामना पूरी होने की प्रार्थना करें।
रवि प्रदोष व्रत रखने से क्या लाभ मिलता है?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, रवि प्रदोष व्रत रखने से भगवान शिव और सूर्य देव का आशीर्वाद मिलता है। कहा जाता है कि इस व्रत को करने से अच्छी सेहत, लंबी उम्र और जीवन में मान-सम्मान मिलता है। मान्यता है कि सच्चे मन से भगवान शिव की पूजा करने से घर में सुख-शांति बनी रहती है और जीवन की परेशानियां दूर होती हैं।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। दैनिक सवेरा टाइम्स एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

