Ayodhya Ram temple: अयोध्या में राम मंदिर में दर्शन का समय बढ़ा दिया गया है और अब मंदिर सुबह 7 बजे के बजाय एक घंटा पहले सुबह 6 बजे से ही खुलेगा। राम मंदिर ट्रस्ट के मीडिया प्रभाग के अनुसार राम मंदिर में दर्शन की नई समय सारणी में संशोधित आरती का समय भी शामिल है और यह सोमवार से ही लागू हो गया। निर्धारित समय सारिणी के अनुसार, भक्त शृंगार आरती के बाद सुबह 6.30 बजे से 11.50 बजे तक मंदिर में प्रवेश कर सकते हैं।
इसके बाद राजभोग आरती के लिए मंदिर दोपहर 12 बजे बंद हो जाएगा। दर्शन का समय दोपहर 1 बजे से शाम 6.50 बजे तक फिर से शुरू होगा, जिसके बाद शाम 7 बजे संध्या आरती होगी। ट्रस्ट ने बताया कि भक्तों को रात 9.45 बजे तक दर्शन करने की अनुमति होगी और रात 10 बजे शयन आरती के बाद मंदिर अगली सुबह तक के लिए बंद हो जाएगा।
प्रयागराज महाकुंभ के दौरान तीर्थयात्रियों की भीड़ को कंट्रोल करने के लिए सुबह से लेकर शाम तक का विस्तारित समय रखा गया था। बता दें कि महाकुंभ के चलते मंदिर में दर्शन का समय सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक, यानी 19 घंटे कर दिया गया था। लेकिन, महाकुंभ मेला समाप्त होने के बाद मंदिर ट्रस्ट पुराने टाइम टेबल पर वापस आ गया है, जिसके अनुसार अब नियमित अनुष्ठानों बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो पाएंगे। नई टाइमिंग में आरती और भोग के लिए बीच-बीच में मंदिर बंद रहेगा।