राजस्थान: दक्षिणी राजस्थान में एक मंदिर आधिकारिक तौर पर पुष्टि करता है कि उसके ‘कुंड’ में डुबकी लगाने से किसी भी पाप से व्यक्ति को मुक्ति मिल जाएगी और इसके लिए 12 रुपए में ‘पाप मुक्ति’ प्रमाणपत्र जारी किया जाता है। वागड़ के हरिद्वार के नाम से प्रसिद्ध गौतमेश्वर महादेव का यह मंदिर राज्य की राजधानी जयपुर से लगभग 450 किमी दूर प्रतापगढ़ जिले में है।
प्रमाणपत्र मंदिर ट्रस्ट द्वारा जारी किया जाता है। यह राज्य सरकार के देवस्थान विभाग के अंतर्गत आता है। हालांकि प्रमाणपत्र चाहने वालों की संख्या सीमित है और मंदिर के ‘मंदाकिनी कुंड’ में डुबकी लगाने के लिए एक वर्ष में लगभग 250-300 प्रमाणपत्र जारी किए जाते हैं।
यह प्रथा कब शुरू हुई इसका विवरण उपलब्ध नहीं है, लेकिन ऐसा कहा जाता है कि जिन लोगों ने जानबूझकर या अनजाने में किसी जानवर को मारने का पाप किया है या उनकी जाति या समुदाय द्वारा उनका बहिष्कार किया गया है, तो वे कुंड में डुबकी लगाने के बाद प्रमाण पत्र प्राप्त करना चाहते हैं। प्रमाणपत्र तब सबूत के रूप में काम आते हैं कि उनके सिर पर कोई पाप नहीं है, और बहिष्कार रद्द किया जाना चाहिए।
स्थानीय सरपंच उदय लाल मीणा ने कहा कि पाप मोचिनी मंदाकिनी कुंड के पास एक कार्यालय में बैठने वाले अमीन (पटवारी या राजस्व विभाग के कर्मी) के हस्ताक्षर और मुहर के साथ 12 रुपए में एक प्रमाण पत्र जारी किया जाता है। ऐसा माना जाता है कि प्रसिद्ध ऋषि महर्षि गौतम यहां स्रान करने के बाद गाय की हत्या के पाप से मुक्त हो गए थे। यह मंदिर भगवान शिव को समर्पित है।

