Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

देव दीपावली पर ग्यारह टन फूल से होगी विश्वनाथ धाम की सजावट

November 25, 2023

देव दीपावली पर ग्यारह टन फूल से होगी विश्वनाथ धाम की सजावट

वाराणसी: वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर को 27 नवंबर को देव दीपावली पर 11 टन फूल से सजाया जाएगा। यह जानकारी एक सरकारी बयान से मिली।

बयान के अनुसार इसके साथ ही सोमवार शाम उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर भव्य लेजर शो का आयोजन किया जाएगा। बयान के अनुसार इसमें विश्वनाथ धाम, काशी और भगवान शिव की धार्मिक कथा और गाथा के बारे में पर्यटक अवगत हो सकेंगे।

बयान के अनुसार श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील वर्मा ने बताया कि गंगा द्वार पर लेजर शो के माध्यम से धाम पर आधारित, काशी के महत्व और गलियारे के निर्माण संबंधित जानकारी प्रर्दिशत की जाएगी।

बयान के अनुसार लेजर शो की अवधि पांच मिनट की होगी, जो बार-बार दोहरायी जाएगी। इसके अनुसार लेजर शो इस तरह से होगा जिसे नौकायन करने वाले लोग और घाटों पर मौजूद लोग आराम से देख सकें।

वर्मा ने बताया कि काशी की विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली के मौके पर वाराणसी आने वाले पर्यटक श्री काशी विश्वनाथ धाम अवश्य आते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए बाबा के दरबार को आकर्षक देशी-विदेशी फूलों से सजाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि विशाखापटनम के एक व्यवसायी बाबा के धाम को 11 टन फूल से सजवा रहे हैं। उन्होंने बताया कि महादेव के धाम को सजाने के लिए फूल कोलकाता, बेंगलुरु और विदेशों से आ रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें