
Weekly Horoscope: अगस्त के तीसरे हफ्ते की शुरुआत 17 अगस्त से होगी। इस दिन सूर्य अपनी राशि सिंह में प्रवेश करेंगे। ज्योतिष के अनुसार, सूर्य के इस बदलाव का असर लोगों के आत्मविश्वास, करियर, मान-सम्मान और फैसले लेने की क्षमता पर पड़ सकता है। इस सप्ताह चंद्रमा कन्या, तुला, वृश्चिक और धनु राशि में रहेंगे। इन ग्रहों की चाल का असर सभी 12 राशियों पर अलग-अलग देखने को मिल सकता है। आइए जानते हैं 17 से 23 अगस्त तक सभी राशियों के लिए यह सप्ताह कैसा रहने वाला है।
मेष राशि
मेष राशि वालों के लिए यह सप्ताह अच्छा और उत्साह से भरा रह सकता है। कामकाज में आपकी मेहनत की तारीफ हो सकती है। प्रेम जीवन में भी खुशियां मिल सकती हैं। इस दौरान आपको किसी नए और रचनात्मक काम में रुचि हो सकती है।
वृषभ राशि
घर-परिवार से जुड़ा माहौल सुखद रह सकता है और परिजनों के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा। हालांकि सूर्य की स्थिति के कारण माता की सेहत को लेकर थोड़ी चिंता हो सकती है। उनकी दिनचर्या और स्वास्थ्य पर ध्यान देना बेहतर रहेगा।
मिथुन राशि
मिथुन राशि के जातकों के लिए सप्ताह लाभदायक साबित हो सकता है। सोशल मीडिया या ऑनलाइन माध्यम से कोई अच्छी सूचना मिल सकती है। व्यापार से जुड़े लोगों को नए अवसर अथवा आर्थिक फायदा मिलने की संभावना है। आपका आत्मविश्वास और साहस भी बढ़ेगा।
कर्क राशि
कर्क राशि वालों की आर्थिक स्थिति में सुधार के संकेत हैं। आय के नए साधन बनने या किसी पुराने प्रयास से लाभ मिलने की संभावना है। हालांकि बातचीत के दौरान शब्दों का चयन सोच-समझकर करें, क्योंकि जल्दबाजी में कही गई बात विवाद का कारण बन सकती है।
सिंह राशि
सिंह राशि वालों के लिए यह सप्ताह बहुत अच्छा रह सकता है। आपकी राशि में सूर्य के आने से आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा। रुके हुए काम पूरे हो सकते हैं और किस्मत का भी साथ मिल सकता है। काम और समाज में आपका मान-सम्मान बढ़ने की संभावना है।
कन्या राशि
कन्या राशि वालों को इस सप्ताह अपने मन को शांत रखने पर ध्यान देना चाहिए। काम या घर की कुछ बातें तनाव बढ़ा सकती हैं। योग, ध्यान और अच्छी नींद से आपको राहत मिल सकती है। कोई भी बड़ा फैसला जल्दबाजी में न लें और सोच-समझकर कदम उठाएं।
तुला राशि
तुला राशि वालों के लिए यह सप्ताह अच्छा रह सकता है। किस्मत का साथ मिलने से रुके हुए काम पूरे हो सकते हैं। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को मेहनत का अच्छा नतीजा मिल सकता है। इस दौरान अपना आत्मविश्वास बनाए रखें।
वृश्चिक राशि
काम की जगह पर आपकी मेहनत की तारीफ हो सकती है और बड़े अधिकारियों का साथ मिल सकता है। व्यापार करने वालों को विदेश से जुड़े कामों में फायदा हो सकता है। करियर में आगे बढ़ने के लिए नई योजना बनाना आपके लिए अच्छा रहेगा।
धनु राशि
धनु राशि के लोगों के लिए यह सप्ताह भाग्योदय का संकेत दे रहा है। शिक्षा और विदेश से जुड़े मामलों में अच्छी खबर मिल सकती है। विदेश में पढ़ाई या उच्च शिक्षा के लिए प्रयास कर रहे विद्यार्थियों को सफलता की दिशा में आगे बढ़ने का मौका मिल सकता है।
मकर राशि
मकर राशि वालों को इस सप्ताह स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही नहीं करनी चाहिए। काम के दबाव के बीच आराम और खान-पान का ध्यान रखें। आर्थिक लेन-देन में भी सावधानी जरूरी है। बिना जांच-पड़ताल के किसी को पैसा देने से बचना बेहतर होगा।
कुंभ राशि
कुंभ राशि के जातकों के वैवाहिक जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। जीवनसाथी के साथ संबंधों में समझ और सहयोग बढ़ेगा। साझेदारी में कारोबार करने वालों के लिए भी समय अनुकूल रह सकता है और नए समझौते लाभदायक साबित हो सकते हैं।
मीन राशि
मीन राशि वालों को इस सप्ताह अपने विरोधियों से सावधान रहना चाहिए। किसी पर भी बिना सोचे-समझे भरोसा न करें। सेहत को लेकर भी ध्यान रखना जरूरी है। कुछ लोगों को पेट से जुड़ी परेशानी हो सकती है, इसलिए खाने-पीने में सावधानी बरतें।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। दैनिक सवेरा टाइम्स एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)