धर्म डेस्क : हिंदू धर्म में तुलसी के पौधे को बहुत पवित्र माना जाता है। बता दें कि घरों में लोग रोजाना तुलसी की पूजा करते हैं और शाम के समय इसके पास दीपक जलाते हैं। मान्यता है कि घर में तुलसी का पौधा लगाने से सुख-शांति और खुशहाली बनी रहती है। तुलसी की कई किस्में होती हैं, लेकिन रामा तुलसी और श्यामा तुलसी सबसे ज्यादा पसंद की जाती हैं। ऐसे में कई लोगों के मन में सवाल होता है कि घर में कौन-सी तुलसी लगाना ज्यादा शुभ होता है? आइए जानते हैं दोनों तुलसी में क्या अंतर है और इनका क्या महत्व है।
रामा और श्यामा तुलसी में क्या अंतर है?
रामा तुलसी कैसी होती है?
बता दें कि रामा तुलसी को श्री तुलसी और गौरी तुलसी भी कहा जाता है। इसके पत्ते हरे रंग के होते हैं और इसका तना भी हरा होता है। इसकी खुशबू हल्की और अच्छी होती है। इसके पत्तों का स्वाद भी ज्यादा तीखा नहीं होता। घरों में इस तुलसी का इस्तेमाल पूजा-पाठ और दूसरे धार्मिक कामों में किया जाता है।
श्यामा तुलसी की पहचान
जबकि श्यामा तुलसी को कृष्ण तुलसी भी कहा जाता है। इसके पत्ते गहरे हरे या बैंगनी रंग के होते हैं। इसका तना भी बैंगनी रंग का हो सकता है। इसकी खुशबू रामा तुलसी से थोड़ी तेज होती है और इसके पत्तों का स्वाद भी ज्यादा तीखा होता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसका संबंध भगवान श्रीकृष्ण से है। इसलिए श्रीकृष्ण की पूजा में भी इसका इस्तेमाल किया जाता है।
रामा और श्यामा तुलसी का क्या है धार्मिक महत्व?
हिंदू धर्म में रामा और श्यामा दोनों तुलसी को पवित्र माना जाता है। भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण की पूजा में तुलसी के पत्ते चढ़ाना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि भगवान विष्णु को तुलसी बहुत प्रिय है। इसलिए उनकी पूजा में तुलसी के पत्तों का खास महत्व होता है। दोनों तुलसी का अपना अलग महत्व है। धार्मिक रूप से किसी एक को दूसरे से कम नहीं माना जाता।
घर में कौन-सी तुलसी लगाना शुभ होता है?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, घर में रामा या श्यामा दोनों में से कोई भी तुलसी लगा सकते हैं। दोनों को ही शुभ माना गया है। ऐसा कोई जरूरी नियम नहीं है कि घर में केवल एक ही तरह की तुलसी लगानी चाहिए।
अगर आपके घर में जगह है, तो आप दोनों पौधे भी लगा सकते हैं। वहीं, कम जगह होने पर अपनी पसंद से किसी एक को चुन सकते हैं। तुलसी का पौधा लगाने के साथ उसकी सही देखभाल करना भी जरूरी है। आप रोजाना पौधे को पानी दें और श्रद्धा के साथ उसकी पूजा करें।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। दैनिक सवेरा टाइम्स एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

