HTET held on July 4 and 5 : चंडीगढ़। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) 2026 का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को निराश होना पड़ेगा। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने 13 और 14 जून को आयोजित होने वाली एचटेट को प्रशासनिक कारणों से स्थगित कर दिया है। बोर्ड ने परीक्षा के लिए नई तिथियों का ऐलान भी कर दिया है। अब यह परीक्षा 4 और 5 जुलाई को होगी।
नवनियुक्त चेयरमैन की अध्यक्षता में लिए फैसला
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के नवनियुक्त चेयरमैन शंकर धुपड़ की अध्यक्षता में बोर्ड मुख्यालय पर अधिकारियों की एक बैठक हुई। बैठक में परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की। विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया कि निर्धारित तिथियों पर परीक्षा का आयोजन फिलहाल संभव नहीं है, इसलिए इसे स्थगित किया जाए। बोर्ड की ओर से जारी सूचना में बताया कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जल्द ही परीक्षा से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। साथ ही परीक्षा केंद्र, एडमिट कार्ड और अन्य जरूरी जानकारियों के लिए भी अलग से सूचना उपलब्ध कराई जाएगी।
परीक्षा स्थगित होने से अभ्यर्थी चिंतित
एचटेट हरियाणा में शिक्षक बनने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण पात्रता परीक्षा है। हर साल बड़ी संख्या में उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल होते हैं । परीक्षा स्थगित होने की खबर के बाद कई अभ्यर्थियों में चिंता देखी गई, हालांकि नई तिथियों की घोषणा होने से उम्मीदवारों को अतिरिक्त तैयारी का समय मिल गया है। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि परीक्षा स्थगित होने से उम्मीदवारों को अपने कमजोर विषयों पर अधिक ध्यान देने का अवसर मिलेगा। वहीं बोर्ड प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और बेहतर व्यवस्था के साथ आयोजित करना उनकी प्राथमिकता है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और बोर्ड द्वारा जारी सूचनाओं पर लगातार नजर बनाए रखें। परीक्षा से संबंधित किसी भी नई जानकारी, एडमिट कार्ड जारी होने की तारीख और परीक्षा केंद्रों की जानकारी बोर्ड की ओर से समय-समय पर जारी की जाएगी।
Also Read :

