Site icon Dainik Savera Times

Reliance Foundation ने Dhirubhai Ambani की जयंती पर घोषित की स्नातक पाठ्यक्रमों की 5000 छात्रवृत्ति

Reliance Foundation

मुंबई : अरबपति मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाले रिलायंस उद्योग समूह के सामाजिक कार्य पर केंद्रित संगठन Reliance Foundation ने समूह के संस्थापक धीरूभाई अंबानी की 92वीं जयंती पर पांच हजार छात्र-छात्राओं की सूची जारी की है जिन्हें फांडेशन की ओर से स्नातक स्तर की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति दी जाएगी। रिलायंस फाउंडेशन की ओर से शनिवार को जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि वर्ष 2024-25 की उसकी अंडरग्रेजुएट स्कॉलरशिप के तहत प्रत्येक छात्र को दो लाख रुपये तक का अनुदान मिलेगा। स्कॉरशिप की पूरी सूची www.reliancefoundation.org पर देखी जा सकती है।

आवेदन करने वाले विद्यार्थी अपनी 17-अंकीय आवेदन संख्या या फिर पंजीकृत ईमेल आईडी दर्ज करके अपने अवेदन का परिणाम जान सकते हैं। छात्रवृत्ति के लिए एक लाख से अधिक विद्यार्थियों ने आवेदन किए थे। छात्रवृत्ति के लिए चयनित विद्यार्थियों में से करीब 70 फीसदी की पारिवारिक वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये से कम है। इस बार छात्रवृत्ति के लिए 29 राज्यों के 540 जिलों के 1300 शिक्षण संस्थानों से जुड़े हैं। सबसे अधिक जिन राज्यों के छात्रों को स्कॉलरशिप दी जाएगी, उनमें आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना और महाराष्ट्र अव्वल हैं।

रिलायंस फाउंडेशन के प्रवक्ता ने एक लाख से अधिक आवेदन आने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, ‘‘चयनित विद्यार्थी देश के सबसे मेधावी छात्रों में से एक हैं। शिक्षा भविष्य की कुंजी है, और हमें इन छात्रों की शैक्षणिक यात्रा का हिस्सा बनने पर गर्व है। प्रतिष्ठित रिलायंस फाउंडेशन अंडरग्रेजुएट स्कॉलरशिप के माध्यम से हमारा लक्ष्य, छात्रों को उनकी पूरी क्षमता तक पहुँचने में मदद करना है। ताकी भारत के विकास में वे अपना योगदान दे सकें।’’ उल्लेखनीय है कि दिसंबर 2022 में रिलायंस के फाउंडर-चेयरमैन धीरूभाई अंबानी की 90वीं जयंती पर, रिलायंस फाउंडेशन की अध्यक्ष नीता अंबानी ने अगले 10 वर्षों में 50,000 छात्रवृत्तियों की घोषणा की थी। तब से, हर साल 5,100 छात्रों को छात्रवृत्तियां दी जा रही है। भारत की सबसे बड़ी निजी छात्रवृत्ति का रिकॉर्ड भी रिलायंस फाउंडेशन की स्कॉलरशिप के नाम है।

Exit mobile version