Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमित शाह ने लोगों से विकसित भारत के लिए वोट करने की अपील की

May 20, 2024

अमित शाह ने लोगों से विकसित भारत के लिए वोट करने की अपील की

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने जम्मू कश्मीर और लद्दाख सहित 5वें चरण के तहत मतदान वाली सीटों के सभी मतदाताओं से उज्‍जवल भविष्य, भारत की एकता एवं अखंडता और विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने के लिए ऐतिहासिक मतदान करने की अपील की है। उन्होंने ओडिशा के मतदाताओं से भी लोकसभा चुनाव के साथ-साथ विधानसभा चुनाव के लिए भी बढ़-चढ़कर वोट करने की अपील की। अमित शाह ने सोमवार को हिंदी, अंग्रेजी और विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं में मतदाताओं से वोट करने की अपील करते हुए एक्स पर पोस्ट कर कहा, ‘लोकसभा चुनाव के 5वें चरण के मतदाता बहनों व भाइयों, आज एक ऐसी सरकार चुनने के लिए ऐतिहासिक मतदान करें, जो सभी वर्गों का कल्याण, सीमा की सुरक्षा, विरासतों के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध हो। एक ऐसी व्यवस्था चुनने के लिये मतदान करें, जिसके पास दूरदर्शी नेतृत्व, कार्य करने का ट्रैक रिकॉर्ड और देश का भविष्य सँवारने का विजन हो। विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने के लिए मतदान अवश्य करें।‘

शाह ने जम्मू कश्मीर के मतदाताओं से भी अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने का आग्रह करते हुए एक्स पर पोस्ट कर कहा,‘आज जम्मू-कश्मीर के बारामुला के मतदाता लोकतंत्र के उत्सव में मतदान करने जा रहे हैं। मैं यहां के निवासियों से यह अपील करता हूं कि अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर ऐसे परिवारों को जवाब दें, जिन्होंने दशकों तक आपको आपके अधिकारों से वंचित रखा। अपने संसदीय क्षेत्र में ऐसा प्रतिनिधि चुनें, जो देश की एकता, अखंडता और आपके क्षेत्र के विकास के लिए समर्पति रहे। आपका एक वोट जम्मू-कश्मीर की शांति और बच्चों के उज्‍जवल भविष्य की नींव मजबूत करेगा।‘

गृह मंत्री शाह ने लद्दाख के वोटरों से भी रिकॉर्ड मतदान करने की अपील करते हुए कहा, ‘लद्दाख के अपने मतदाता बहनों-भाइयों से रिकॉर्ड मतदान की अपील करता हूं। अपने मत का प्रयोग एक ऐसी सरकार बनाने के लिए करें, जो आपकी सुविधाओं के विकास और विस्तार के साथ राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए संकल्पित हो।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें