Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Bihar Lok Sabha Election : बिहार में राज्यपाल, तेजस्वी, मांझी सहित कई दिग्गजों ने डाला वोट

June 1, 2024

Bihar Lok Sabha Election : बिहार में राज्यपाल, तेजस्वी, मांझी सहित कई दिग्गजों ने डाला वोट

पटना। लोकसभा चुनाव के सातवें चरण में शनिवार को बिहार की आठ लोकसभा सीटों पर मतदान जारी है। इस बीच, राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव सहित कई दिग्गजों ने वोट डाला। दिग्गज लोगों ने मतदाताओं से अधिक से अधिक वोट डालने की भी अपील की। राज्यपाल आर्लेकर राजकीय कन्या मध्य विद्यालय, राजभवन परिसर स्थित मतदान केन्द्र पहुंचे और अपना वोट डाला। इधर, विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव अपने भाई और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव के साथ मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

इससे पहले लालू यादव अपने परिवार के साथ पटना के वेटनरी कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान हालांकि राजद अध्यक्ष लालू यादव ने पत्रकारों से कोई बात नहीं की। उनके साथ उनकी पत्नी राबड़ी देवी और पुत्री रोहिणी आचार्य भी थी। सारण से राजद की प्रत्याशी रोहिणी आचार्य ने वोट डालने के बाद स्याही लगी उंगली दिखाते हुए कहा कि मेरा वोट मणिपुर की बहन-बेटियों के सार्वजनिक चीरहरण पर मौन धारण करने वाले के खिलाफ है।

इधर, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी अपने पुत्र और मंत्री संतोष सुमन के साथ जहानाबाद संसदीय क्षेत्र के मध्य विद्यालय महकार के बूथ संख्या 38 पर पहुंचे और मतदान किया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डालने की अपील की।

उल्लेखनीय है कि बिहार में सातवें चरण में नालंदा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम, काराकाट और जहानाबाद लोकसभा क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान का कार्य जारी है। मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इस चरण में 1.62 करोड़ से अधिक मतदाता 134 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। मतदाताओं के लिए 16,634 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 3,885 केंद्र ग्रामीण क्षेत्र में बनाए गए हैं जबकि 12,749 केंद्र शहरी क्षेत्र में हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें