UP में तीसरे चरण के लिए 10 सीटों पर मतदान जारी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिनवा ने कहा कि इस चरण में जिन 10 सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदांयू, आंवला और बरेली हैं।

लखनऊ। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में उत्तर प्रदेश के 12 जिलों की 10 संसदीय सीटों के लिए मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। एक वरिष्ठ चुनाव अधिकारी ने यहां यह जानकारी दी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिनवा ने कहा कि इस चरण में जिन 10 सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदांयू, आंवला और बरेली हैं। उन्होंने कहा, ‘‘तीसरे चरण की 10 लोकसभा सीटों में से आठ सीटें सामान्य श्रेणी की हैं और दो अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं।’’ उन्होंने कहा कि 20,415 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे शुरू हुआ मतदान शाम छह बजे तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा, विभिन्न कारणों से 4,390 मतदान केंद्रों की पहचान महत्वपूर्ण केंद्रों के रूप में की गई है, जहां मतदान प्रक्रिया के दौरान कड़ी निगरानी की जाएगी।

रिनवा ने कहा मुरादाबाद, संभल, हाथरस, अलीगढ़, आगरा, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, कासगंज, बदांयू और बरेली सहित 12 जिलों में मतदान हो रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘इस चरण में 1.01 करोड़ से अधिक पुरुष और 87.69 लाख महिलाओं सहित 1.89 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर आठ महिलाओं सहित 100 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला तय करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि आगरा में सबसे अधिक 20,72,685 मतदाता हैं, जबकि एटा में सबसे कम 17,524 पंजीकृत मतदाता हैं। उन्होंने कहा, बरेली 13 उम्मीदवारों के साथ सूची में शीर्ष पर है, जबकि फिरोजाबाद में सबसे कम सात उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं।

रिनवा ने बताया कि सभी मतदान केन्द्रों पर आयोग के अधिकारी पैनी नजर रखे हुए है। इसके लिए तीन विशेष पर्यवेक्षक, 10 सामान्य पर्यवेक्षक, छह पुलिस पर्यवेक्षक और 14 व्यय पर्यवेक्षक तैनात किये गये हैं। उन्होंने कहा, इसके अलावा 1,887 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 241 जोनल मजिस्ट्रेट, 668 स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 2,859 माइक्रो पर्यवेक्षक भी तैनात किए गए हैं।

- विज्ञापन -

Latest News