एंटरटेनमेंट डेस्क : एक्सेल एंटरटेनमेंट और ट्रिगर हैप्पी स्टूडियोज़ की बहुप्रतीक्षित फिल्म “120 बहादुर” का पहला टीज़र रिलीज़ होने के बाद से ही सोशल मीडिया और ट्रेड सर्किल में लोगों का दिल जीत रहा है। इसका भव्य पैमाना, तीव्रता और भावनात्मक गहराई सभी को पसंद आ रही है। इस ज़बरदस्त प्रतिक्रिया के बाद, निर्माता अब दूसरा टीज़र रिलीज़ करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, जो महान स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर के जन्मदिन पर रिलीज़ किया जाएगा।
यह तिथि विशेष महत्व रखती है क्योंकि इसे लता मंगेशकर की स्मृति में चुना गया था। वह अपने देशभक्ति गीतों, खासकर “ऐ मेरे वतन के लोगों” के लिए जानी जाती हैं। इस गीत के लेखक कवि प्रदीप थे, संगीत सी. रामचंद्र ने दिया था और लता ने इसे गाया था। यह गीत 1962 के भारत-चीन युद्ध में सैनिकों के बलिदान को याद करता है और आज भी बलिदान और बहादुरी का प्रतीक माना जाता है। यह गीत पहली बार लता मंगेशकर ने 26 जनवरी, 1963 को गणतंत्र दिवस पर गाया था और इसने पूरे देश को गहराई से प्रभावित किया था। ‘120 बहादुर’ का टीज़र 2 चार्ली कंपनी के 120 सैनिकों के भाईचारे, देशभक्ति और बहादुरी को एक सच्ची श्रद्धांजलि है। यह उनकी निडरता और जुनून की झलक पेश करता है।

फरहान अख्तर ने कहा, “आज के दिन ‘120 बहादुर’ का टीज़र 2 पेश करना बेहद खास है। यह गीत 1962 के भारत-चीन युद्ध के वीर सैनिकों और शहीदों के लिए लिखा गया था और लता जी ने इसे लाइव गाया था। इसकी रिकॉर्डिंग आज भी पूरे देश की आत्मा को छूती है। इस संदर्भ में, हमारी फिल्म का संदेश कवि प्रदीप जी के हृदयस्पर्शी शब्दों के बिल्कुल अनुरूप है।” रजनीश ‘रेज़ी’ घई द्वारा निर्देशित और रितेश सिधवानी, फरहान अख्तर (एक्सल एंटरटेनमेंट) और अमित चंद्रा (ट्रिगर हैप्पी स्टूडियो) द्वारा निर्मित, फिल्म ‘120 बहादुर’ 21 नवंबर, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।