मुंबई: 2025 के पहले छह महीनों में बॉक्स ऑफिस ने कई सुपरहिट फिल्मों का स्वाद चखा और अब साल का दूसरा भाग और भी अधिक रोमांचक होने वाला है। इस बार दर्शकों के लिए केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि भावनाओं, देशभक्ति और रोमांच से भरपूर कहानियों की सौगात आने वाली है।
बड़े बजट, बड़ी स्टारकास्ट और दमदार निर्देशन के साथ पेश हैं 2025 की दूसरी छमाही की वो 6 फिल्में जिनका पूरे देश को बेसब्री से इंतजार है:
1. 120 बहादुर
फरहान अख्तर की ये देशभक्ति से लबरेज फिल्म 1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांग ला की ऐतिहासिक लड़ाई पर आधारित है। ‘120 बहादुर’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि उन सैनिकों की वीरता का चित्रण है जिन्होंने असंभव को संभव कर दिखाया। रज़नीश घई के निर्देशन में बनी यह फिल्म 21 नवंबर को रिलीज होगी।
2. वॉर 2
YRF स्पाई यूनिवर्स की इस अगली पेशकश में ऋतिक रोशन और साउथ सुपरस्टार जूनियर NTR की भिड़ंत देखने को मिलेगी। कियारा आडवाणी इस हाई-ऑक्टेन एक्शन फिल्म में मुख्य महिला किरदार में हैं। अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी ‘वॉर 2’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में धूम मचाने आ रही है।
3. धड़क 2
तृप्ति डिमरी और सिद्धांत चतुर्वेदी के साथ ‘धड़क 2’ एक नए जमाने की प्रेम कहानी है, जिसमें प्यार के साथ सामाजिक वर्गों की टकराहट और विद्रोह की झलक मिलेगी। शाज़िया इकबाल के निर्देशन में बनी यह फिल्म दर्शकों को एक गहरे इमोशनल सफर पर ले जाएगी।
4. सरज़मीन
करण जौहर के प्रोडक्शन में बनी ‘सरज़मीन’ एक राजनीतिक थ्रिलर है जिसमें इब्राहिम अली खान, काजोल और पृथ्वीराज सुकुमारन अहम भूमिकाओं में हैं। इसे कयोज़े ईरानी ने निर्देशित किया है और यह 25 जुलाई को जियो होस्टार पर स्ट्रीम होगी।
5. परम सुंदरी
सिद्धार्थ मल्होत्रा और जाह्नवी कपूर स्टारर ‘परम सुंदरी’ एक हल्की-फुल्की रोमांटिक कॉमेडी है जो आज के युवाओं की लव स्टोरी को मस्ती भरे अंदाज में पेश करेगी। यह फिल्म तुषार जलोटा ने डायरेक्ट की है और मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनी है।
6. कुली
तमिल इंडस्ट्री की इस बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘कुली’ में रजनीकांत, नागार्जुन, आमिर खान, श्रुति हासन, सौबिन शाहिर और सत्यराज जैसे सितारे एक साथ नजर आएंगे। लोकेश कनगराज की इस एक्शन थ्रिलर को दुनियाभर में 14 अगस्त को आईमैक्स और 4डीएक्स फॉर्मेट में रिलीज किया जाएगा।

