Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

3 Doors Down के लीड सिंगर ब्रैड अर्नोल्ड का हुआ निधन, 4-स्टेज कैंसर से थे पीड़ित

February 8, 2026

3 Doors Down के लीड सिंगर ब्रैड अर्नोल्ड का हुआ निधन, 4-स्टेज कैंसर से थे पीड़ित

एंटरटेनमेंट डेस्क: ग्रैमी अवॉर्ड के लिए नामांकित मशहूर अमेरिकी रॉक बैंड 3 डोर्स डाउन के लीड सिंगर ब्रैड अर्नोल्ड का शनिवार को निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से स्टेज-4 किडनी कैंसर से जूझ रहे थे। ब्रैड अर्नोल्ड की उम्र 47 साल थी।

कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद हुआ निधन

बैंड की ओर से जारी बयान में कहा गया कि ब्रैड अर्नोल्ड ने कैंसर के खिलाफ बहादुरी से लड़ाई लड़ी और अपने परिवार व करीबी लोगों के बीच नींद में ही शांतिपूर्वक इस दुनिया को अलविदा कह दिया। कुछ महीने पहले ही उन्होंने सार्वजनिक रूप से बताया था कि उन्हें गंभीर स्तर का किडनी कैंसर है, जो बाद में फेफड़ों तक फैल गया था।

1995 में हुआ था बैंड का गठन

3 डोर्स डाउन बैंड की शुरुआत साल 1995 में अमेरिका के मिसिसिपी राज्य में हुई थी। बैंड को असली पहचान 1999 में आए गाने ‘क्रिप्टोनाइट’ से मिली, जिसके लिए उन्हें ग्रैमी अवॉर्ड के लिए नॉमिनेशन मिला। खास बात यह रही कि यह गाना ब्रैड अर्नोल्ड ने महज़ 15 साल की उम्र में स्कूल की मैथ्स क्लास के दौरान लिखा था।

हिट गानों से बनाई खास पहचान

बैंड का पहला एल्बम ‘द बेटर लाइफ’ बेहद सफल रहा और इसकी 60 लाख से ज्यादा कॉपियां बिकीं। साल 2003 में उनके गाने ‘व्हेन आई एम गॉन’ को दूसरा ग्रैमी नॉमिनेशन मिला। 3 डोर्स डाउन ने अपने म्यूजिक के जरिए मेनस्ट्रीम रॉक को नया अंदाज़ दिया, जिसमें इमोशनल गीत, आसान धुनें और आम लोगों से जुड़ने वाले बोल शामिल थे।

छह एल्बम और कई सुपरहिट गाने

बैंड ने अब तक कुल छह एल्बम रिलीज किए। उनका आखिरी एल्बम साल 2016 में आया था। बैंड के मशहूर गानों में ‘लूजर’, ‘डक एंड रन’ और ‘बी लाइक दैट’ शामिल हैं। ‘बी लाइक दैट’ को 2001 में आई फिल्म ‘अमेरिकन पाई 2’ के साउंडट्रैक में भी जगह मिली थी।

म्यूजिक को मानते थे अपनी किस्मत

अपने पांचवें एल्बम ‘टाइम ऑफ माई लाइफ’ के प्रमोशन के दौरान ब्रैड अर्नोल्ड ने कहा था कि वह खुद को खुशनसीब मानते हैं कि उन्हें म्यूजिक को करियर बनाने का मौका मिला। उन्होंने कहा था कि अगर कोई इंसान लंबे समय तक किसी काम को करता है, तो उसमें बेहतर होना तय है।

पिछले साल हुआ था कैंसर का खुलासा

ब्रैड अर्नोल्ड ने पिछले साल मई में बताया था कि उन्हें क्लियर सेल रीनल कार्सिनोमा नाम का कैंसर है, जो आगे चलकर फेफड़ों तक फैल गया। इसी वजह से बैंड को अपना समर टूर भी रद्द करना पड़ा था।

संगीत के जरिए हमेशा जिंदा रहेंगे

बैंड ने अपने बयान में कहा कि ब्रैड अर्नोल्ड का संगीत सिर्फ मंच तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उसने लोगों के दिलों में जुड़ाव, खुशी और भरोसे के ऐसे पल बनाए, जो आने वाले समय तक जिंदा रहेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें