Site icon Dainik Savera Times

90 के दशक के मशहूर विलेन ने मांगी माफी, बोले- आज कोई साजिश नहीं

90s Villain Apology Statement

90s Villain Apology Statement

वैलेंटाइन डे के मौके पर जहां हर तरफ प्यार का माहौल है, वहीं 90 के दशक के मशहूर फिल्म विलेन दलीप ताहिल ने मजेदार अंदाज में सार्वजनिक माफी मांगी है।

अभिनेता ने कहा कि उन्होंने दशकों तक फिल्मों में प्यार के दुश्मन का किरदार निभाया, लेकिन असल जिंदगी में मोहब्बत बेहद खूबसूरत चीज है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लंबा पोस्ट शेयर कर अपने निगेटिव रोल्स के लिए हल्के-फुल्के अंदाज में माफी मांगी।

अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा कि वह अक्सर फिल्मों में ब्लेजर पहनकर आ जाते थे और कहते थे, “यह रिश्ता मुझे मंजूर नहीं है।” उन्होंने मजाकिया अंदाज में माना कि फिल्मों में उन्होंने कई शादियां रुकवाईं, बैंक बैलेंस चेक किए और खानदान की इज्जत बचाने के नाम पर कई साजिशें रचीं।

उन्होंने यह भी लिखा कि उन्हें उन सभी किरदारों के लिए अफसोस है, जहां उन्होंने जोड़ों को धमकाया या अलग करने की कोशिश की। उनके इस पोस्ट को देखकर फैंस खूब हंस रहे हैं और उनके इस अंदाज को पसंद भी कर रहे हैं।

90 के दशक में दलीप ताहिल ने कई यादगार निगेटिव रोल निभाए। खासतौर पर क़यामत से क़यामत तक में उन्होंने धनराज सिंह का रोल निभाया था, जिसमें वह आमिर खान के किरदार को उसके प्यार से अलग करने की कोशिश करते नजर आए थे।

इसके अलावा फिल्म इश्क में उन्होंने जूही चावला के पिता का रोल निभाया था, जहां वह अपनी हैसियत और पैसे की वजह से बेटी की शादी के खिलाफ दिखे थे।

लगभग हर फिल्म में उनके डरावने किरदार की वजह से उन्हें ओजी विलेन कहा गया, लेकिन सोशल मीडिया पर उनका असली व्यक्तित्व काफी मजाकिया और हल्का-फुल्का नजर आता है।

Exit mobile version